रायवाला-देहरादून रेलखंड पर इंजीनियरिंग कार्य से ट्रेनों के संचालन में बदलाव

गोरखपुर,उत्तर रेलवे के रायवाला-देहरादून इकहरी रेलखंड पर चल रहे इंजीनियरिंग कार्य के चलते यातायात सह पावर ब्लॉक लिया जाएगा। इसके कारण पूर्वोत्तर रेलवे से संचालित दो महत्वपूर्ण रेलसेवाओं के संचालन में बदलाव किया गया है। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने ट्रेनों के पुनर्निर्धारण और मार्ग में नियंत्रित संचालन की जानकारी जारी की है।

रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 14119 काठगोदाम-देहरादून एक्सप्रेस को निर्धारित तिथियों में काठगोदाम स्टेशन से 90 मिनट पुनर्निर्धारित कर चलाया जाएगा। यह बदलाव 20, 23, 25, 27 और 30 अगस्त, सितंबर में 1, 3, 6, 8, 10, 13, 15, 17, 20, 22, 24, 27 और 29 तारीख, अक्टूबर में 1, 4, 6, 8, 11, 13, 15, 18, 20, 22, 25, 27 और 29 तारीख तथा नवंबर में 1, 3, 5, 8, 10, 12, 15, 17, 19, 22, 24, 26 और 29 तारीख को लागू रहेगा। इसके अलावा 1 दिसंबर 2026 को भी ट्रेन को 90 मिनट पुनर्निर्धारित कर चलाया जाएगा।

वहीं गाड़ी संख्या 15119 बनारस-देहरादून एक्सप्रेस को भी इन्हीं निर्धारित तिथियों में मार्ग में 30 मिनट नियंत्रित कर संचालित किया जाएगा। इस ट्रेन का नियंत्रण भी 20, 23, 25, 27 और 30 अगस्त से शुरू होकर सितंबर, अक्टूबर, नवंबर तथा 1 दिसंबर 2026 तक निर्धारित तिथियों पर रहेगा।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि इन तिथियों में यात्रा करने वाले यात्री स्टेशन पहुंचने से पहले अपनी ट्रेन के संशोधित संचालन समय की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि उन्हें यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।