रेलवे कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए विभिन्न स्थानों पर लगेंगे शिविर, यूएमआईडी कार्ड और एचआरएमएस से जुड़ी समस्याओं का होगा समाधान

बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल ने अपने कर्मचारियों, उनके परिवारजनों, सेवानिवृत्त कर्मचारियों और मृतक कर्मचारियों के आश्रितों को सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न स्थानों पर विशेष शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया है। इन शिविरों में मेडिकल कार्ड (यूएमआईडी कार्ड) बनाने के साथ-साथ एचआरएमएस मॉड्यूल पर सर्विस रिक्वेस्ट और परिवादों के निस्तारण की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

मंडल के विभिन्न स्टेशनों और कार्यालयों में निर्धारित तिथियों पर कार्मिक विभाग के अधिकारियों एवं कार्मिक निरीक्षकों की मौजूदगी में शिविर लगाए जाएंगे। शिविरों का आयोजन सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक किया जाएगा।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 20 अगस्त को डीजल लोको शेड इज्जतनगर, 24 अगस्त को मंडल चिकित्सालय इज्जतनगर, 25 अगस्त को सहायक मंडल अभियंता कार्यालय इज्जतनगर और एकीकृत क्रू लॉबी बरेली सिटी, 31 अगस्त को सहायक मंडल अभियंता कार्यालय पीलीभीत और एकीकृत क्रू लॉबी पीलीभीत में शिविर लगाए जाएंगे।

इसके अलावा 2 सितंबर को सहायक मंडल अभियंता कार्यालय फतेहगढ़ और एकीकृत क्रू लॉबी फर्रुखाबाद, 4 सितंबर को सहायक मंडल अभियंता कार्यालय मथुरा और एकीकृत क्रू लॉबी मथुरा तथा 7 सितंबर को सहायक मंडल अभियंता कार्यालय काशीपुर और एकीकृत क्रू लॉबी काशीपुर में शिविर आयोजित किए जाएंगे।

इन दस्तावेजों के साथ पहुंचना होगा

कार्यरत कर्मचारियों को यूएमआईडी कार्ड बनवाने के लिए अपना परिचय पत्र, मेडिकल कार्ड, पर्यवेक्षक द्वारा सत्यापित पास घोषणा पत्र, स्वयं एवं आश्रितों की फोटो, जन्मतिथि के प्रमाण के लिए आधार कार्ड अथवा विद्यालय प्रमाण पत्र तथा मोबाइल नंबर साथ लाना होगा। आश्रितों में विधवा माता, अविवाहित बहन या भाई का यूएमआईडी कार्ड बनवाने के लिए पिता का मृत्यु प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र और बोनाफाइड प्रमाण पत्र भी आवश्यक होगा।

सेवानिवृत्त कर्मचारियों एवं मृतक कर्मचारियों के आश्रितों को सेवानिवृत्त कर्मचारी उदारीकृत स्वास्थ्य योजना (आरईएलएचएस) मेडिकल कार्ड, सातवें वेतन आयोग का संशोधित पीपीओ, बैंक की नवीनतम पेंशन स्लिप या पासबुक, मृत्यु की स्थिति में सेवानिवृत्त कर्मचारी का मृत्यु प्रमाण पत्र, स्वयं एवं आश्रितों की फोटो, जन्मतिथि प्रमाण और मोबाइल नंबर साथ लाना होगा।

वहीं एचआरएमएस में कर्मचारी अथवा आश्रित सदस्यों को जोड़ने के लिए पर्यवेक्षक द्वारा सत्यापित घोषणा पत्र, परिवार एवं आश्रित सदस्यों के आधार कार्ड और नवीनतम फोटो आवश्यक होंगे। विधवा माता, अविवाहित बहन या भाई को एचआरएमएस में जोड़ने के लिए पिता का मृत्यु प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र और बोनाफाइड प्रमाण पत्र भी प्रस्तुत करना होगा। एचआरएमएस में किसी अन्य प्रकार का सुधार कराने वाले कर्मचारियों को संबंधित आवश्यक दस्तावेज साथ लाने होंगे।

रेलवे प्रशासन ने संबंधित कर्मचारियों, सेवानिवृत्त कर्मचारियों और आश्रितों से निर्धारित तिथि एवं स्थान पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठाने की अपील की है।