इज्जतनगर मंडल में गरिमामय ढंग से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

इज्जतनगर मंडल में गरिमामय ढंग से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा ने किया ध्वजारोहण, आरपीएफ, नागरिक सुरक्षा संगठन व स्काउट-गाइड की परेड की ली सलामी

बरेली। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल स्थित रेलवे स्पोर्ट्स स्टेडियम में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। मंडल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और रेलवे सुरक्षा बल, नागरिक सुरक्षा संगठन तथा भारत स्काउट एवं गाइड की परेड की सलामी ली।

समारोह को संबोधित करते हुए मंडल रेल प्रबंधक ने स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों और देशभक्तों को नमन किया। उन्होंने कहा कि उनके त्याग, बलिदान और संघर्ष के कारण ही देश आज स्वतंत्र है। उन्होंने कहा कि भारतीय रेल देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है और इज्जतनगर मंडल यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर रेल सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है।

राजस्व और यात्री परिवहन में बढ़ोतरी

मंडल रेल प्रबंधक ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में जुलाई तक मंडल को 216.21 करोड़ रुपये का रेल राजस्व प्राप्त हुआ, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 3.37 प्रतिशत अधिक है। इसी अवधि में 25.40 मिलियन यात्रियों ने रेल सेवाओं का लाभ लिया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 3.21 प्रतिशत अधिक है।

जुलाई तक कुल 316 रेक की लोडिंग से 60.53 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। मंडल का समयपालन प्रतिशत 91.45 रहा, जबकि छह दिनों में ट्रेनों का समयपालन शत-प्रतिशत रहा।

संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता

रेल संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए वर्ष 2025-26 तथा अप्रैल से जुलाई 2026 तक मंडल में कोई परिणामी रेल दुर्घटना नहीं हुई। समपारों की इंटरलॉकिंग, इलेक्ट्रिक लिफ्टिंग बैरियर और स्लाइडिंग बूम बैरियर लगाने के साथ ही रेलवे ट्रैक के किनारे फेंसिंग का कार्य तेजी से किया जा रहा है। उत्कृष्ट कार्य करने वाले रेलकर्मियों को ?सेफ्टी स्टार ऑफ द मंथ? के रूप में सम्मानित किया जा रहा है।

नई ट्रेनों और यात्री सुविधाओं में विस्तार

यात्रियों की सुविधा के लिए जुलाई 2026 तक मंडल में चार जोड़ी नई नियमित ट्रेनों का संचालन शुरू किया गया है। इनमें कासगंज-नई दिल्ली-कासगंज इंटरसिटी, टनकपुर-नांदेड-टनकपुर एक्सप्रेस, रामनगर-देहरादून-रामनगर एक्सप्रेस तथा कासगंज-ऐशबाग-कासगंज इंटरसिटी एक्सप्रेस शामिल हैं। अप्रैल से जुलाई तक 433 ट्रिप विशेष ट्रेनों का संचालन किया गया।

मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा के लिए 13 एस्केलेटर और सात लिफ्ट स्थापित की गई हैं। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत हाथरस सिटी, उझानी, बरेली सिटी और इज्जतनगर स्टेशन का पुनर्विकास पूरा हो चुका है। सात स्टेशनों पर एकीकृत यात्री सूचना प्रणाली स्थापित की गई है, जिससे यात्रियों को ट्रेनों के संचालन और समय की सटीक जानकारी मिल सकेगी।

कर्मचारियों के कल्याण पर जोर

कार्मिक कल्याण के क्षेत्र में 188 मृत कर्मचारियों के सभी पात्र आश्रितों को एनपीएस की धनराशि का भुगतान कराया गया। जनवरी से जुलाई 2026 के बीच विभिन्न श्रेणियों के 428 कर्मचारियों को पदोन्नति दी गई तथा 134 पात्र कर्मचारियों को एमएसीपी का लाभ मिला। अप्रैल से जुलाई तक 67 संविदा भूतपूर्व सैनिकों को कांटा वाला और 75 को गेटमैन के पद पर नियुक्त किया गया।

खेल और सामाजिक सरोकारों में भी मंडल आगे

इज्जतनगर मंडल की महिला एथलीट सुश्री प्रियंका गोस्वामी ने आगामी एशियन गेम्स-2026 की 10 किलोमीटर वॉक रेस के लिए भारतीय टीम में स्थान बनाया है। वह एशियन गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।

मंडल ने जनवरी से जुलाई के बीच 35 खोए, लावारिस एवं घर से भागे बच्चों का रेस्क्यू कर उन्हें उनके परिजनों को सौंपा। पर्यावरण संरक्षण के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में 68,175 पौधों का रोपण किया गया। चिकित्सा विभाग ने यात्रा के दौरान अस्वस्थ हुए 111 यात्रियों को प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराई।

रंगारंग प्रस्तुतियों ने मोहा मन

स्वतंत्रता दिवस समारोह में पूर्वोत्तर रेलवे महिला कल्याण संगठन द्वारा संचालित गीतांजलि प्राइमरी स्कूल, गीतांजलि जूनियर हाई स्कूल, मॉडर्न जूनियर हाई स्कूल और केंद्रीय विद्यालय के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम, योगाभ्यास और पीटी शो प्रस्तुत किया। ताइक्वांडो के बच्चों ने रोमांचकारी करतब दिखाकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। सभी प्रस्तुतियों की उपस्थित लोगों ने जमकर सराहना की।

मंडल चिकित्सालय में अत्याधुनिक आईसीयू का उद्घाटन

समारोह के बाद मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा ने मंडल चिकित्सालय, इज्जतनगर में नवनिर्मित सर्जिकल एवं मेडिकल आईसीयू का उद्घाटन किया। इसके साथ ही आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित प्री-ऑपरेटिव, नेत्र शल्य, माइनर ओटी और स्टेरिलाइजेशन कक्ष का भी उद्घाटन किया गया।

समारोह में अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार, सभी शाखाधिकारी, पूर्वोत्तर रेलवे महिला कल्याण संगठन के पदाधिकारी एवं सदस्याएं, रेलकर्मी, स्कूली बच्चे तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।