लुधियाना रेलवे स्टेशन पर विशेष टिकट जांच अभियान, 483 यात्री पकड़े गए

फिरोजपुर। यात्रियों की सुगम और सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करने तथा बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा पर रोक लगाने के उद्देश्य से फिरोजपुर मंडल ने मंगलवार को लुधियाना रेलवे स्टेशन पर विशेष टिकट जांच अभियान चलाया। बड़े पैमाने पर चलाए गए इस अभियान में रेलवे नियमों का उल्लंघन करने वाले यात्रियों पर कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान बिना टिकट और अनियमित यात्रा के कुल 483 मामले पकड़े गए। इन मामलों से रेलवे ने 3,84,210 रुपये का राजस्व वसूल किया। टिकट जांच अभियान में 10 टिकट जांच कर्मचारियों और रेलवे सुरक्षा बल के जवानों की संयुक्त टीम ने सक्रिय रूप से भाग लिया।

जांच के दौरान यात्रियों को वैध टिकट लेकर यात्रा करने और रेलवे के नियमों का पालन करने के लिए जागरूक भी किया गया। रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों को अनियमित यात्रा से होने वाली परेशानी और जुर्माने के बारे में भी जानकारी दी।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बसंत कुमार ने यात्रियों से अपील की कि वे हमेशा वैध टिकट लेकर संबंधित श्रेणी के कोच में ही यात्रा करें और बिना टिकट अथवा अनियमित यात्रा से बचें। उन्होंने कहा कि स्टेशन परिसर में प्रवेश करने से पहले यात्रियों को आवश्यक रूप से प्लेटफॉर्म टिकट लेना चाहिए।

फिरोजपुर मंडल द्वारा यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ रेलवे नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के टिकट जांच अभियान आगे भी जारी रखे जाएंगे।