यात्रियों को बड़ी सौगात: लुधियाना-जाखल डेली पैसेंजर ट्रेन अब जींद तक चलेगी, पंजाब और हरियाणा की रेल कनेक्टिविटी होगी मजबूत

दिल्ली। भारतीय रेलवे ने क्षेत्रीय रेल संपर्क को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए ट्रेन संख्या 54053/54054 लुधियाना?जाखल दैनिक पैसेंजर ट्रेन का विस्तार जींद स्टेशन तक करने को मंजूरी दे दी है। इस फैसले से अब लुधियाना और जींद के बीच सीधी रेल सेवा उपलब्ध होगी, जिससे पंजाब और हरियाणा के लाखों यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

रेलवे के इस निर्णय के बाद अब ट्रेन संख्या 54054 लुधियाना से सीधे जींद तक तथा ट्रेन संख्या 54053 जींद से लुधियाना तक संचालित होगी। पहले यह ट्रेन केवल लुधियाना और जाखल के बीच चलती थी।

ट्रेन के विस्तार के साथ इसकी यात्रा दूरी 128 किलोमीटर से बढ़कर 200 किलोमीटर हो जाएगी। साथ ही जाखल और जींद के बीच सभी स्टेशनों पर वाणिज्यिक ठहराव दिया जाएगा, जिससे मार्ग के कस्बों और गांवों में रहने वाले यात्रियों को भी बेहतर रेल सुविधा का लाभ मिलेगा।

इस नई व्यवस्था से रोजाना सफर करने वाले यात्रियों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों तथा अन्य यात्रियों को जाखल में ट्रेन बदलने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। इससे यात्रा अधिक आसान, सुविधाजनक और समय की बचत करने वाली बनेगी।

रेलवे का यह कदम रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और व्यापारिक गतिविधियों तक बेहतर पहुंच सुनिश्चित करने के साथ-साथ क्षेत्रीय विकास को भी नई गति देगा। यह निर्णय भारतीय रेलवे की यात्री सुविधाओं के विस्तार और मांग आधारित सेवाओं को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता का एक और उदाहरण है, जिससे पंजाब और हरियाणा के बीच रेल संपर्क पहले से अधिक मजबूत और सुगम होगा।