तीन स्पेशल ट्रेनों का हुआ नियमितीकरण, अब अमृत भारत एक्सप्रेस के रूप में चलेंगी

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तीन जोड़ी स्पेशल ट्रेनों को नियमित करने का निर्णय लिया है। अब इन ट्रेनों का संचालन अमृत भारत एक्सप्रेस के रूप में किया जाएगा। इन ट्रेनों के नियमित होने से प्रयागराज, मुंबई, उधना और रास्ते में पड़ने वाले प्रमुख शहरों के बीच यात्रियों को बेहतर और सीधी रेल कनेक्टिविटी मिलेगी।

रेलवे के अनुसार इन अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों में यात्रियों की सुविधा के लिए आधुनिक सीटें, चार्जिंग प्वाइंट, बोतल होल्डर और स्नैक टेबल जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। लंबी दूरी की यात्रा को सुविधाजनक और किफायती बनाने के उद्देश्य से इन ट्रेनों को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है।

प्रयागराज-मुंबई के बीच पहली अमृत भारत एक्सप्रेस

गाड़ी संख्या 20436/20435 प्रयागराज-लोकमान्य तिलक टर्मिनस-प्रयागराज अमृत भारत एक्सप्रेस साप्ताहिक ट्रेन के रूप में चलेगी। प्रयागराज से यह ट्रेन प्रत्येक शुक्रवार 21 अगस्त 2026 से और लोकमान्य तिलक टर्मिनस से प्रत्येक शनिवार 22 अगस्त 2026 से नियमित होगी।

प्रयागराज से ट्रेन शाम 6:10 बजे रवाना होकर सतना, जबलपुर, इटारसी, भुसावल और कल्याण होते हुए अगले दिन दोपहर 3:45 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन शनिवार शाम 5:20 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस से रवाना होकर अगले दिन दोपहर 12:40 बजे प्रयागराज जंक्शन पहुंचेगी।

प्रयागराज-उधना के बीच भी नियमित सेवा

गाड़ी संख्या 20437/20438 प्रयागराज-उधना-प्रयागराज अमृत भारत एक्सप्रेस का संचालन भी साप्ताहिक आधार पर किया जाएगा। प्रयागराज से यह ट्रेन प्रत्येक सोमवार 24 अगस्त 2026 से और उधना से प्रत्येक मंगलवार 25 अगस्त 2026 से नियमित चलेगी।

यह ट्रेन फतेहपुर, गोविंदपुरी, इटावा, टूंडला, ईदगाह आगरा, बयाना, हिंडौन सिटी, गंगापुर सिटी, सवाई माधोपुर, कोटा, रामगंज मंडी, भवानी मंडी, रतलाम और वडोदरा होते हुए उधना पहुंचेगी। वापसी में भी निर्धारित मार्ग से प्रयागराज तक संचालित होगी।

सूबेदारगंज-मुंबई के बीच तीसरी अमृत भारत एक्सप्रेस

गाड़ी संख्या 14121/14122 सूबेदारगंज-लोकमान्य तिलक टर्मिनस-सूबेदारगंज अमृत भारत एक्सप्रेस भी साप्ताहिक सेवा के रूप में नियमित की जा रही है। सूबेदारगंज से यह ट्रेन प्रत्येक गुरुवार 27 अगस्त 2026 से तथा लोकमान्य तिलक टर्मिनस से प्रत्येक शुक्रवार 28 अगस्त 2026 से चलेगी।

यह ट्रेन फतेहपुर, गोविंदपुरी, भरुआ सुमेरपुर, रागौल, बांदा, चित्रकूट धाम कर्वी, सतना, मैहर, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, पिपरिया, इटारसी, खंडवा, भुसावल, नासिक रोड, कल्याण और ठाणे होते हुए लोकमान्य तिलक टर्मिनस पहुंचेगी।

22 आधुनिक कोचों से लैस होंगी ट्रेनें

उत्तर मध्य रेलवे के अनुसार तीनों नियमित अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों में 22 आधुनिक कोच होंगे। इनमें दो एलएसएलआर/डी, 11 सामान्य श्रेणी के कोच, आठ स्लीपर कोच और एक भोजनयान शामिल रहेगा। आधुनिक कोचों में यात्रियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है।

रेलवे का कहना है कि इन ट्रेनों के नियमित संचालन से धार्मिक, औद्योगिक और व्यापारिक शहरों के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों, व्यवसायियों, श्रद्धालुओं और विद्यार्थियों को सीधा लाभ मिलेगा। इससे लंबी दूरी की यात्रा अधिक सुविधाजनक होने के साथ-साथ यात्रियों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी भी उपलब्ध होगी।