प्रयागराज जंक्शन पर गूंजा देशभक्ति का सुर, आरपीएफ बैंड की शानदार प्रस्तुति से यात्रियों में जगा राष्ट्रप्रेम

प्रयागराज। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रयागराज जंक्शन रेलवे स्टेशन देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। उत्तर मध्य रेलवे के रेल सुरक्षा बल के बैंड दल ने स्टेशन परिसर में शानदार बैंड प्रस्तुति देकर यात्रियों और उपस्थित रेल अधिकारियों में राष्ट्रप्रेम एवं राष्ट्रीय गौरव की भावना का संचार किया।

कार्यक्रम में उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह, प्रमुख मुख्य सुरक्षा आयुक्त प्रदीप कुमार गुप्ता, प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक शरद चंद्रायन, प्रयागराज मंडल के मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल सहित मुख्यालय एवं मंडल के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। उत्तर मध्य रेलवे महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रीमती हिमा चौहान सिंह तथा प्रयागराज महिला कल्याण समिति की अध्यक्षा श्रीमती वंदना अग्रवाल भी पदाधिकारियों के साथ कार्यक्रम में उपस्थित रहीं।

यह विशेष बैंड प्रस्तुति आगरा कैंट और झांसी रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रमों के बाद प्रयागराज जंक्शन पर आयोजित की गई। कार्यक्रम का आयोजन वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, प्रयागराज मंडल श्री दीपक कुमार आजाद एवं उनकी टीम द्वारा किया गया।

देशभक्ति की धुनों से गूंज उठा स्टेशन

कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसके बाद गणेश वंदना प्रस्तुत की गई। आरपीएफ बैंड दल ने ?वंदे मातरम्?, ?संदेशे आते हैं,तेरी मिट्टी में मिल जावां,कदम-कदम बढ़ाए जा,मेरा कर्मा तू,सारे जहाँ से अच्छा और ऐ मेरे वतन के लोगों जैसी देशभक्ति से ओतप्रोत धुनों की शानदार प्रस्तुति दी।

देशभक्ति की मधुर धुनों से प्रयागराज जंक्शन का वातावरण पूरी तरह राष्ट्रप्रेम से सराबोर हो गया। उपस्थित अतिथियों और यात्रियों ने तालियों की गड़गड़ाहट से बैंड दल का उत्साह बढ़ाया।

आरपीएफ के समर्पण की महाप्रबंधक ने की सराहना

इस अवसर पर महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने अधिकारियों, आरपीएफ जवानों और उपस्थित लोगों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि 80वें स्वतंत्रता दिवस पर आरपीएफ बैंड की प्रस्तुति गर्व का विषय है। यह केवल संगीत कार्यक्रम नहीं, बल्कि रेल सुरक्षा बल के अनुशासन, समर्पण और देशभक्ति की भावना का प्रभावशाली प्रदर्शन है।

उन्होंने आरपीएफ के जवानों के कठिन एवं चुनौतीपूर्ण दायित्वों की सराहना करते हुए कहा कि यात्री सुरक्षा, रेलवे संपत्ति की सुरक्षा और रेल परिसरों में बेहतर व्यवस्था बनाए रखने में आरपीएफ की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि जवान पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं, जिससे रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ आम जनता का विश्वास भी मजबूत हो रहा है।

महाप्रबंधक ने अपने संबोधन का समापन वंदे मातरम् के जयघोष के साथ किया। इसके साथ ही पूरा स्टेशन परिसर देशभक्ति के नारों से गूंज उठा।

बैंड दल को किया गया सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह एवं उत्तर मध्य रेलवे महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा हिमा चौहान सिंह ने आरपीएफ बैंड दल को शानदार प्रस्तुति के लिए स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान बैंड दल के सदस्यों की कला, अनुशासन और समर्पण की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया गया।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित इस विशेष कार्यक्रम ने प्रयागराज जंक्शन पर देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का भाव और भी मजबूत कर दिया।