प्रयागराज-दादरी विशेष ट्रेन में बढ़े 3 कोच, यात्रियों को मिलेगी अतिरिक्त सुविधा

प्रयागराज। रेल प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा और अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए प्रयागराज-दादरी-प्रयागराज विशेष ट्रेन की कोच संरचना में अस्थायी रूप से बढ़ोतरी करने का निर्णय लिया है। इससे ट्रेन में यात्रियों के लिए अतिरिक्त सीटें उपलब्ध होंगी।

रेल प्रशासन के अनुसार गाड़ी संख्या 02417 प्रयागराज-दादरी विशेष ट्रेन में 25 अगस्त से 31 अगस्त 2026 तक कोचों की संख्या बढ़ाई जाएगी। वर्तमान में इस ट्रेन में 21 कोच हैं, जिन्हें बढ़ाकर 24 कोच किया जाएगा।

संशोधित संरचना में दो एसएलआर/डी, छह सामान्य श्रेणी, 12 स्लीपर, तीन वातानुकूलित तृतीय श्रेणी तथा एक वातानुकूलित प्रथम सह द्वितीय श्रेणी का कोच शामिल रहेगा।

वहीं वापसी में गाड़ी संख्या 02418 दादरी-प्रयागराज विशेष ट्रेन में 26 अगस्त से 1 सितंबर 2026 तक संशोधित कोच संरचना लागू रहेगी। कोच बढ़ाए जाने से यात्रियों को अतिरिक्त बर्थ और यात्रा में सुविधा मिलने की उम्मीद है।

रेल प्रशासन का कहना है कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रेन की संरचना में यह अस्थायी बदलाव किया गया है।