अहमदाबाद के बजाय साबरमती स्टेशन पर होगा ट्रेनों का ठहराव, तीन महीने तक लागू रहेगा बदलाव

जयपुर। अहमदाबाद रेलवे स्टेशन पर रेल भूमि विकास प्राधिकरण से संबंधित कार्य के चलते रेलवे ने दो रेलसेवाओं के संचालन में अस्थायी बदलाव किया है। इसके तहत जोधपुर-हडपसर और हडपसर-जोधपुर एक्सप्रेस का अहमदाबाद स्टेशन के स्थान पर साबरमती स्टेशन पर ठहराव किया जाएगा। यह व्यवस्था 21 अगस्त से 21 नवंबर 2026 तक लागू रहेगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन के अनुसार, गाड़ी संख्या 20495 जोधपुर-हडपसर एक्सप्रेस 21 अगस्त से 21 नवंबर तक जोधपुर से प्रस्थान करने के बाद अहमदाबाद के स्थान पर साबरमती स्टेशन पर सुबह 5:20 बजे पहुंचेगी और 5:30 बजे रवाना होगी।

इसी प्रकार गाड़ी संख्या 20496 हडपसर-जोधपुर एक्सप्रेस भी उक्त अवधि में अहमदाबाद के स्थान पर साबरमती स्टेशन पर सुबह 7:20 बजे पहुंचेगी और 7:30 बजे प्रस्थान करेगी।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि निर्धारित अवधि में यात्रा करने वाले यात्री ट्रेन के संशोधित ठहराव और समय की जानकारी पहले से प्राप्त कर लें, ताकि उन्हें यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।