साबरमती-जम्मूतवी रेलसेवा के कटरा तक विस्तार से छह जोड़ी ट्रेनों के समय में बदलाव

जयपुर। साबरमती बीजी-जम्मूतवी रेलसेवा का श्री माता वैष्णो देवी कटरा तक विस्तार किए जाने के कारण रेलवे ने छह जोड़ी रेलसेवाओं के मार्ग में पड़ने वाले विभिन्न स्टेशनों पर संचालन समय में आंशिक बदलाव किया है। यह बदलाव अक्टूबर 2026 से प्रभावी होंगे।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन ने बताया कि गाड़ी संख्या 19415 साबरमती-श्रीमाता वैष्णो देवी कटरा एक्सप्रेस 25 अक्टूबर से साबरमती से रवाना होगी। यह जम्मूतवी स्टेशन पर सुबह 4:05 बजे पहुंचेगी और 4:15 बजे रवाना होगी। शहीद कप्तान तुषार महाजन रेलवे स्टेशन पर 5:14 बजे आगमन और 5:16 बजे प्रस्थान होगा। ट्रेन श्री माता वैष्णो देवी कटरा स्टेशन पर सुबह 6:25 बजे पहुंचेगी।

इसी प्रकार गाड़ी संख्या 14661 बाड़मेर-जम्मूतवी एक्सप्रेस 19 अक्टूबर से जम्मूतवी स्टेशन पर सुबह 6:00 बजे पहुंचेगी।

गाड़ी संख्या 19611 अजमेर-अमृतसर एक्सप्रेस के बठिंडा, गंगसर जैतो, कोटकपूरा, फरीदकोट, फिरोजपुर कैंट, तलवंडी, मोगा, जगराओं, लुधियाना, फगवाड़ा, जालंधर सिटी, ब्यास और अमृतसर स्टेशनों पर संचालन समय में बदलाव किया गया है। यह परिवर्तन 22 अक्टूबर से लागू होगा।

गाड़ी संख्या 20498 फिरोजपुर कैंट-रामेश्वरम् हमसफर सुपरफास्ट एक्सप्रेस 24 अक्टूबर से फिरोजपुर कैंट से निर्धारित समय 5:55 बजे के बजाय 5:50 बजे रवाना होगी। बठिंडा स्टेशन पर यह ट्रेन सुबह 7:50 बजे पहुंचेगी और 7:50 बजे ही रवाना होगी, जिसके बाद निर्धारित समय के अनुसार संचालित होगी।

गाड़ी संख्या 19108 शहीद कप्तान तुषार महाजन रेलवे स्टेशन-भावनगर टर्मिनस एक्सप्रेस 19 अक्टूबर से फिरोजपुर कैंट स्टेशन पर सुबह 5:20 बजे पहुंचेगी और 5:50 बजे रवाना होगी। फरीदकोट स्टेशन पर 6:16 बजे आगमन और 6:18 बजे प्रस्थान तथा बठिंडा स्टेशन पर 7:50 बजे आगमन और 7:55 बजे प्रस्थान होगा।

वहीं गाड़ी संख्या 14730 फाजिल्का-रेवाड़ी एक्सप्रेस के लखेवाली, भागसर, बधाई बल्लमगढ़, मुक्तसर, चड़ेवान, झबेलवाली, बरीवाला, वांदर जटाना और कोटकपूरा स्टेशनों पर संचालन समय में बदलाव किया गया है। यह परिवर्तन 19 अक्टूबर से प्रभावी होंगे।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन के संशोधित समय की जानकारी अवश्य जांच लें, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।