बीना स्टेशन पर यार्ड रीमॉडलिंग से रेल यातायात प्रभावित, चार ट्रेनों के मार्ग बदले

जयपुर। उत्तर मध्य रेलवे के आगासोद और पश्चिम मध्य रेलवे के बीना स्टेशनों के बीच तीसरी रेल लाइन बिछाने तथा बीना स्टेशन पर यार्ड रीमॉडलिंग का कार्य किया जा रहा है। इसके लिए रेलवे द्वारा ब्लॉक लिया जाएगा, जिसके चलते अक्टूबर माह में कई रेलसेवाओं का संचालन प्रभावित रहेगा और कुछ ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन के अनुसार, कार्य के कारण उत्तर पश्चिम रेलवे की चार रेलसेवाओं के मार्ग में बदलाव किया गया है।

तिरूच्चिरापल्ली-भगत की कोठी एक्सप्रेस गाड़ी संख्या 20482 को 3 और 10 अक्टूबर 2026 को तिरूच्चिरापल्ली से परिवर्तित मार्ग भोपाल-संत हिरदाराम नगर-मक्सी-नागदा-सवाईमाधोपुर होकर संचालित किया जाएगा।

वहीं भगत की कोठी-तिरूच्चिरापल्ली एक्सप्रेस गाड़ी संख्या 20481 को 7 और 14 अक्टूबर 2026 को भगत की कोठी से सवाईमाधोपुर-कोटा-नागदा-संत हिरदाराम नगर-मक्सी-भोपाल के परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा।

इसी तरह भोपाल-जोधपुर रेलसेवा गाड़ी संख्या 14814 को 1 से 15 अक्टूबर 2026 तक भोपाल से भोपाल-संत हिरदाराम नगर-मक्सी-नागदा-कोटा के परिवर्तित मार्ग से संचालित किया जाएगा। जबकि जोधपुर-भोपाल रेलसेवा गाड़ी संख्या 14813 को 1 से 14 अक्टूबर 2026 तक जोधपुर से कोटा-नागदा-संत हिरदाराम नगर-मक्सी-भोपाल के परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा।

बीना स्टेशन पर ठहराव भी होगा कम

रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 14813 जोधपुर-भोपाल रेलसेवा 19 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक 12 फेरों में बीना स्टेशन पर निर्धारित 10 मिनट के बजाय केवल 2 मिनट का ठहराव करेगी।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि इन तिथियों में यात्रा करने से पहले ट्रेन के मार्ग और संचालन संबंधी संशोधित जानकारी अवश्य जांच लें, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।