हर घर तिरंगा अभियान में छात्राओं ने निकाली भव्य रैली, देशभक्ति के नारों से गूंजा प्रयागराज

प्रयागराज। स्वतंत्रता दिवस समारोह के उपलक्ष्य में ?हर घर तिरंगा? अभियान के तहत महिला सेवा सदन इंटर कॉलेज में छात्राओं और शिक्षिकाओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत तिरंगा रैली निकाली। विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती सुमन लता चौधरी के नेतृत्व में आयोजित रैली में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर राष्ट्रीय एकता और देशप्रेम का संदेश दिया।

रैली के दौरान कॉलेज की बैंड हेड वर्तिका के नेतृत्व में बैंड समूह की छात्राओं ने देशभक्ति की धुनें बजाकर वातावरण को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया। हाथों में तिरंगा लेकर छात्राओं और शिक्षिकाओं ने ?झंडा ऊंचा रहे हमारा? और ?भारत माता की जय? जैसे देशभक्ति के नारों के साथ पूरे उत्साह से रैली में सहभागिता की।

वहीं 14 अगस्त को विद्यालय परिसर में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस भी मनाया गया। इस अवसर पर प्रधानाचार्या श्रीमती सुमन लता चौधरी ने छात्राओं को देश के विभाजन के दौरान हुई त्रासदी और उससे प्रभावित परिवारों के संघर्ष एवं पीड़ा के बारे में अवगत कराया।

विद्यालय की शिक्षिका डॉ. मोनिका साहू ने विभाजन विभीषिका पर अपने विचार व्यक्त करते हुए छात्राओं को उस दौर की घटनाओं से परिचित कराया। कार्यक्रम के अंत में विभाजन के दौरान अपने प्राणों का बलिदान देने वाले लोगों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

विद्यालय में आयोजित दोनों कार्यक्रमों के माध्यम से छात्राओं में देशप्रेम, राष्ट्रीय एकता और इतिहास के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में शिक्षिकाओं और छात्राओं की सक्रिय भागीदारी ने स्वतंत्रता दिवस समारोह को और भी भावपूर्ण बना दिया।