कांवड़ यात्रा को लेकर डीएम-एसपी ने रात में लहरा गंगा घाट और कांवड़ मार्ग का किया निरीक्षण

कासगंज। श्रावण मास में चल रही पवित्र कांवड़ यात्रा के मद्देनजर जिलाधिकारी प्रणय कुमार एवं पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने सोमवार देर रात लहरा गंगा घाट सहित प्रमुख कांवड़ मार्गों का संयुक्त रूप से सघन निरीक्षण किया। अधिकारियों ने घाट और कांवड़ मार्ग पर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने कांवड़ मार्ग से गुजर रहे श्रद्धालुओं से बातचीत कर उनकी कुशलता जानी और यात्रा के दौरान व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को कांवड़ यात्रियों के साथ शालीन, सौम्य एवं सहयोगात्मक व्यवहार रखने के निर्देश दिए।

अधिकारियों ने कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने पर विशेष जोर दिया। साथ ही संबंधित अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को अपने-अपने ड्यूटी क्षेत्र में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक कासगंज सुशील कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर आंचल चौहान सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।