उचित दर विक्रेताओं के लाभांश में वृद्धि से बढ़ेगा सम्मान, कोटेदारों को मिलेगी नई पहचान

कासगंज, 17 अगस्त। उचित दर विक्रेताओं के लाभांश में वृद्धि और उन्हें अन्नपूर्णा केंद्र संचालक के रूप में नई पहचान दिए जाने को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान लखनऊ स्थित लोक भवन से मुख्यमंत्री के संबोधन और लाभांश वृद्धि की घोषणा का सजीव प्रसारण किया गया। जिले के उचित दर विक्रेताओं ने मुख्यमंत्री के संबोधन को देखा और सुना।

कार्यक्रम में सदर विधायक देवेंद्र राजपूत, भाजपा जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा, जिलाधिकारी प्रणय सिंह, मुख्य विकास अधिकारी वीरेंद्र सिंह और अपर जिलाधिकारी दिग्विजय प्रताप सिंह मौजूद रहे। जिला पूर्ति अधिकारी ने जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया।

सदर विधायक देवेंद्र राजपूत ने कहा कि प्रदेश सरकार ने उचित दर विक्रेताओं के हित में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए उनके लाभांश में वृद्धि की है। साथ ही उन्हें सम्मानजनक नई पहचान देने के लिए अन्नपूर्णा केंद्र संचालक के रूप में आगे बढ़ाया जा रहा है। इससे उचित दर विक्रेताओं के आर्थिक हितों के साथ उनके सामाजिक सम्मान में भी वृद्धि होगी।

भाजपा जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा ने कहा कि लाभांश में वृद्धि से उचित दर विक्रेताओं को आर्थिक लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि अन्नपूर्णा भवनों के माध्यम से उचित दर विक्रेता 39 प्रकार की खाद्य एवं अन्य आवश्यक सामग्री का विक्रय कर सकेंगे। इससे उनकी आय के अतिरिक्त स्रोत भी विकसित होंगे। अन्नपूर्णा भवनों में वेयरहाउस की सुविधा भी उपलब्ध होगी, जिससे आवश्यक वस्तुओं के सुरक्षित रख-रखाव और स्वतंत्र रूप से विक्रय में सुविधा मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं जिलाधिकारी ने उचित दर विक्रेताओं को खाद्यान्न वितरण लाभांश वृद्धि पत्र वितरित कर सम्मानित किया। लाभांश में वृद्धि और नई पहचान मिलने पर उचित दर विक्रेताओं ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सरकार के प्रति आभार जताया।

कार्यक्रम में जिला पूर्ति अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में उचित दर विक्रेता मौजूद रहे।