अपराध नियंत्रण में प्रभावी कार्रवाई पर जीआरपी थानाध्यक्ष कोमल कुन्तल सम्मानित

कासगंज। थाना जीआरपी कासगंज में अपराध नियंत्रण, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी, चोरी की घटनाओं के खुलासे और गुमशुदा लोगों की बरामदगी में प्रभावी कार्रवाई के लिए थानाध्यक्ष कोमल कुन्तल को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया है। यह सम्मान पुलिस अधीक्षक रेलवे अनुभाग आगरा अनिल कुमार झा द्वारा प्रदान किया गया।

पुलिस अधीक्षक रेलवे के निर्देशानुसार और थानाध्यक्ष कोमल कुन्तल के नेतृत्व में जुलाई एवं अगस्त माह के दौरान थाना जीआरपी कासगंज पुलिस ने अपराध नियंत्रण को लेकर लगातार प्रभावी कार्रवाई की। इस दौरान अवैध शराब की तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

अभियान के दौरान करीब 14 वर्षों से फरार चल रहे दो वारंटियों को भी गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा ट्रेनों में यात्रियों का सामान चोरी करने वाले दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से यात्रियों के चोरी किए गए पांच मोबाइल फोन सहित कुल आठ मोबाइल फोन बरामद किए गए।

जीआरपी पुलिस ने छह नाबालिग बच्चों सहित कुल सात गुमशुदा व्यक्तियों और महिलाओं को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों तक पहुंचाया। पुलिस की इस कार्रवाई में गुमशुदा लोगों की तलाश और उनकी बरामदगी को भी महत्वपूर्ण उपलब्धि माना गया।

वहीं वर्ष 2012 से लंबित मुकदमा संख्या 78/2012 बनाम आसिफ में न्यायालय कासगंज में प्रभावी पैरवी के परिणामस्वरूप अभियुक्त आसिफ को 11 माह 11 दिवस के कारावास एवं जुर्माने से दंडित कराया गया।

अपराधियों की गिरफ्तारी, चोरी के मोबाइल की बरामदगी, लंबे समय से फरार वारंटियों की गिरफ्तारी, गुमशुदा लोगों की सकुशल बरामदगी और लंबित मुकदमे में प्रभावी पैरवी के साथ पदीय दायित्वों का कड़ी मेहनत, कर्तव्यनिष्ठा एवं सूझबूझ से निर्वहन करने पर थानाध्यक्ष कोमल कुन्तल को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।