20 अगस्त से बनगांव तक चलेगी सियालदह की एसी ईएमयू लोकल

20 अगस्त से बनगांव तक चलेगी सियालदह की एसी ईएमयू लोकल

उत्तर 24 परगना के दैनिक यात्रियों को मिलेगा आरामदायक सफर का लाभ, समय-सारणी में भी बदलाव

कोलकाता। यात्रियों की सुविधा और आराम को ध्यान में रखते हुए सियालदह मंडल ने मौजूदा सियालदह?बारासात वातानुकूलित ईएमयू लोकल सेवा का विस्तार बनगांव जंक्शन तक करने का निर्णय लिया है। विस्तारित सेवा 20 अगस्त 2026 से शुरू होगी। इससे उत्तर 24 परगना क्षेत्र के दैनिक उपनगरीय यात्रियों को अधिक आरामदायक और सुविधाजनक रेल यात्रा का लाभ मिलेगा।

यह वातानुकूलित लोकल सेवा सोमवार से शनिवार तक सप्ताह में छह दिन संचालित होगी, जबकि रविवार को सेवा उपलब्ध नहीं रहेगी।

सुबह सियालदह से बनगांव के लिए चलेगी एसी लोकल

ट्रेन संख्या 33449 अप सियालदह?बनगांव एसी ईएमयू लोकल सियालदह से सुबह 10:33 बजे रवाना होगी। ट्रेन बारासात में 11:14/11:15 बजे ठहरेगी। इसके बाद बामनगाछी, दत्तपुकुर, बीरा, अशोकनगर रोड, हाबरा, मसालंदापुर, गोबरडांगा, ठाकुरनगर और चांदपाड़ा सहित प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव करते हुए दोपहर 12:23 बजे बनगांव जंक्शन पहुंचेगी।

वापसी में ट्रेन संख्या 33442 डाउन बनगांव?सियालदह एसी ईएमयू लोकल बनगांव से दोपहर 12:35 बजे रवाना होगी। यह निर्धारित स्टेशनों पर ठहराव करते हुए सियालदह पहुंचेगी।

बारासात से सियालदह के बीच संशोधित समय-सारणी के अनुसार ट्रेन बारासात से 13:40 बजे, मध्यमग्राम से 13:46 बजे, बिराटी से 13:54 बजे, दमदम कैंट से 14:00 बजे, दमदम जंक्शन से 14:05 बजे तथा बिधाननगर रोड से 14:10 बजे प्रस्थान करेगी और 14:25 बजे सियालदह पहुंचेगी।

बारासात?बनगांव लोकल के समय में भी बदलाव

एसी लोकल सेवा के विस्तार को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए ट्रेन संख्या 33365 अप बारासात?बनगांव लोकल के समय में भी बदलाव किया गया है। 20 अगस्त से यह ट्रेन बारासात से सुबह 11:30 बजे के बजाय 11:40 बजे रवाना होगी।

सियालदह मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री राजीव सक्सेना ने कहा कि यात्रियों की सुविधा और आराम रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं। एसी लोकल का बनगांव तक विस्तार क्षेत्र के दैनिक यात्रियों की बढ़ती मांग को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे यात्रियों को आधुनिक, आरामदायक और सुविधाजनक दैनिक रेल यात्रा का लाभ मिलेगा।

रेलवे ने ट्रेन संख्या 33442 बनगांव?सियालदह एसी ईएमयू लोकल से यात्रा करने वाले यात्रियों से संशोधित समय-सारणी का ध्यान रखते हुए अपनी यात्रा की योजना बनाने की अपील की है।