सियालदह मंडल को मिले नए अपर मंडल रेल प्रबंधक, रजनीश सिंह ने संभाला पदभार

कोलकाता। पूर्व रेलवे के सियालदह मंडल में रजनीश सिंह ने अपर मंडल रेल प्रबंधक (एडीआरएम) का पदभार ग्रहण कर लिया है। वर्ष 2005 बैच के भारतीय रेल विद्युत अभियंत्रण सेवा (आईआरएसईई) के अधिकारी सिंह अपने साथ प्रशासनिक और तकनीकी क्षेत्र का समृद्ध अनुभव लेकर इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी का निर्वहन करेंगे।

पदभार ग्रहण करने से पहले रजनीश सिंह चित्तरंजन लोकोमोटिव वर्क्स (सीएलडब्ल्यू) में मुख्य विद्युत अभियंता (लोको) के पद पर कार्यरत थे। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने रेल उत्पादन, तकनीकी विकास और आधुनिक रेल प्रणालियों के सुदृढ़ीकरण में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

रेलवे प्रशासन को विश्वास है कि विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर अर्जित उनके अनुभव और कुशल नेतृत्व से सियालदह मंडल की कार्यप्रणाली को नई गति मिलेगी। उनके नेतृत्व में परिचालन दक्षता, समयबद्ध रेल संचालन, यात्री सुविधाओं के विस्तार तथा सुरक्षा और संरक्षा के उच्च मानकों को और मजबूत किया जाएगा।

पदभार ग्रहण करने के बाद रजनीश सिंह ने अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए सियालदह मंडल को अधिक आधुनिक, सुरक्षित और यात्री-केंद्रित बनाने की प्रतिबद्धता जताई। रेलवे को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में मंडल विकास और उत्कृष्ट सेवाओं की दिशा में नई उपलब्धियां हासिल करेगा।