सियालदह स्टेशन पर यात्रियों को बड़ी सौगात: मेल-एक्सप्रेस यात्रियों के लिए शुरू हुआ नया सेंट्रल गेट, भीड़ होगी कम और सफर होगा आसान

कोलकाता। यात्रियों की सुविधा और स्टेशन पर बेहतर यातायात प्रबंधन की दिशा में सियालदह मंडल ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए सियालदह स्टेशन पर नया समर्पित सेंट्रल गेट शुरू कर दिया है। यह प्रवेश एवं निकास द्वार विशेष रूप से मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों के यात्रियों के लिए बनाया गया है, जिससे लंबी दूरी के यात्रियों को स्टेशन तक तेज, सुरक्षित और अधिक सुविधाजनक पहुंच मिलेगी।

रेलवे के अनुसार, इस नई व्यवस्था का उद्देश्य स्टेशन पर बढ़ती भीड़ को कम करना, यात्रियों की आवाजाही को व्यवस्थित बनाना और यात्रा अनुभव को पहले से अधिक सुगम बनाना है। अब तक सियालदह स्टेशन पर यात्री प्रफुल्ल द्वार, नॉर्थ गेट, मेन गेट और साउथ गेट का उपयोग करते थे, लेकिन अब मेल एवं एक्सप्रेस यात्रियों के लिए अलग सेंट्रल गेट उपलब्ध होने से भीड़ का दबाव काफी कम होगा।

नया सेंट्रल गेट यात्रियों को प्लेटफॉर्म 11 से 14 तक सीधे, चौड़े और बाधारहित मार्ग से पहुंचने की सुविधा देगा। इसके साथ ही यात्री स्टेशन के बाहर स्थित प्रीपेड टैक्सी स्टैंड तक भी बिना उपनगरीय भीड़भाड़ वाले हिस्से से गुजरे आसानी से पहुंच सकेंगे। इससे विशेष रूप से भारी सामान लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों, वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, बच्चों और पर्यटकों को बड़ी राहत मिलेगी।

रेलवे का कहना है कि इस व्यवस्था से यात्रियों की क्रॉस मूवमेंट समाप्त होगी, जिससे सुरक्षा बढ़ेगी और भीड़भाड़ में भी कमी आएगी। यात्रियों की सुविधा के लिए विभिन्न प्लेटफॉर्मों के अनुसार अलग-अलग प्रवेश द्वारों का उपयोग करने की सलाह भी जारी की गई है। मेल एवं एक्सप्रेस ट्रेनों के यात्रियों से विशेष रूप से सेंट्रल गेट का उपयोग करने का अनुरोध किया गया है।

सियालदह मंडल के मंडल रेल प्रबंधक राजीव सक्सेना ने कहा कि रेलवे का लक्ष्य प्रत्येक यात्री की यात्रा को अधिक सुरक्षित, आरामदायक और सुविधाजनक बनाना है। नया सेंट्रल गेट स्टेशन के आधुनिकीकरण और यात्री सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

रेलवे ने बताया कि भविष्य में इस क्षेत्र में ऐप-आधारित कैब पिक-अप एवं ड्रॉप सुविधा तथा आधुनिक शौचालय परिसर भी विकसित किए जाएंगे, जिससे यात्रियों को बेहतर लास्ट-माइल कनेक्टिविटी और अतिरिक्त सुविधाएं मिल सकेंगी।

सियालदह स्टेशन पर शुरू किया गया नया सेंट्रल गेट लाखों यात्रियों के लिए बड़ी राहत साबित होगा। इससे लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों का समय बचेगा, भीड़ कम होगी और यात्रा पहले से कहीं अधिक सुविधाजनक एवं सुरक्षित बनेगी।