जोधपुर रेलवे स्टेडियम में गरिमामय समारोह के साथ मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

जोधपुर। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर रेल मंडल की ओर से रेलवे स्टेडियम में भव्य एवं गरिमामय समारोह आयोजित किया गया। मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर राष्ट्रध्वज को सलामी दी और रेलकर्मियों एवं उनके परिजनों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

अपने संबोधन में मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि स्वतंत्रता केवल आजादी प्राप्त करने तक सीमित नहीं है, बल्कि राष्ट्रहित में पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए देश की प्रगति में योगदान देना भी स्वतंत्रता का महत्वपूर्ण दायित्व है। उन्होंने जोधपुर मंडल के रेलकर्मियों की कार्यनिष्ठा और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि मंडल यात्री सुविधाओं, रेल सुरक्षा और बेहतर सेवाओं के क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहा है।

समारोह के दौरान मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी एवं वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त ने स्काउट एवं गाइड तथा विभिन्न परेड दलों का निरीक्षण किया। इसके बाद स्काउट एवं गाइड तथा स्कूली छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समारोह में राष्ट्रप्रेम का रंग भर दिया। उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले रेल कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम के बाद मंडल रेल प्रबंधक महिला कल्याण संगठन के पदाधिकारियों के साथ मंडल रेल अस्पताल पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए फल वितरित किए।

इस अवसर पर महिला कल्याण संगठन की पदाधिकारियों ने तिरंगे रंगों के गुब्बारे खुले आसमान में छोड़े। इससे पूरे वातावरण में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का संदेश देखने को मिला। समारोह में मंडल के वरिष्ठ अधिकारी, रेल कर्मचारी, ट्रेड यूनियन प्रतिनिधि, प्रेस एवं मीडिया प्रतिनिधि तथा आमजन मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान रेलवे स्टेडियम देशभक्ति के उत्साह से सराबोर नजर आया।