फिरोजपुर मंडल में ‘ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते’ से 65 बच्चों को मिला परिवार का सहारा

फिरोजपुर। रेलवे द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते के तहत फिरोजपुर मंडल में रेलवे सुरक्षा बल ने सराहनीय पहल करते हुए जनवरी से जुलाई 2026 तक 65 अकेले, भटके हुए अथवा परिजनों से बिछड़े बच्चों को सुरक्षित उनके परिवारों तक पहुंचाया।

रेलवे स्टेशनों पर ऐसे बच्चों की पहचान के लिए रेलवे सुरक्षा बल और स्टेशन स्टाफ लगातार सतर्कता बरत रहा है। किसी बच्चे के अकेले या असहाय अवस्था में मिलने पर तत्काल उसकी सहायता की जाती है और आवश्यक जानकारी जुटाकर उसे सुरक्षित उसके परिजनों से मिलाने के प्रयास किए जाते हैं।

फिरोजपुर मंडल द्वारा यात्रियों से अपील की गई है कि स्टेशन परिसर में यदि कोई अकेला, भटका हुआ या परिजनों से बिछड़ा बच्चा दिखाई दे तो तुरंत रेलवे सुरक्षा बल अथवा स्टेशन स्टाफ को इसकी सूचना दें। यात्री रेलवे हेल्पलाइन 139 पर भी संपर्क कर सकते हैं। समय पर दी गई एक छोटी-सी सूचना किसी बच्चे को सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।