जयपुर में फर्जी UTS टिकट का मामला पकड़ा गया, इसके बाद फिरोजपुर मंडल के सीनियर डीसीएम परमदीप सिंह सैनी अलर्ट.....

फिरोजपुर "यूटीएस (Unreserved) टिकटों में हेराफेरी रोकने हेतु फिरोजपुर मंडल में सघन टिकट जांच अभियान शुरू।"

फिरोजपुर मंडल में रेल टिकटों में किसी भी प्रकार की हेराफेरी को रोकने के उद्देश्य से मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार द्वारा मंडल के सभी टिकट जाँच कर्मचारियों को निर्देश जारी किया गया हैं। इसके अंतर्गत टिकट जाँच स्टाफ को यूटीएस (अनारक्षित) टिकटों की गहन जाँच कर ऐसे मामलों का पता लगाने को कहा गया है, जिनमें यात्री संख्या में बदलाव करना, एक ही टिकट का एक से अधिक बार यात्रियों द्वारा उपयोग करना या किसी अन्य प्रकार की धोखाधड़ी शामिल हो।

सभी टिकट जाँच कर्मचारी को प्रत्येक यूटीएस टिकट की एचएचटी ऐप के माध्यम से भी गहन जाँच सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं। यह विशेष टिकट जाँच अभियान मंडल अधिकारियों की निगरानी में संचालित किया जा रहा है।

मंडल रेल प्रबंधक ने बताया कि फिरोजपुर मंडल में यूटीएस टिकटों में हेराफेरी रोकने हेतु सघन जाँच अभियान शुरू किया गया है। इन प्रयासों का उद्देश्य यात्रियों के हितों की रक्षा करना, रेल राजस्व की सुरक्षा करना तथा रेलवे प्रणाली में पारदर्शिता बनाए रखना है। उन्होंने यात्रियों से भी अपील किया है कि वे वैध टिकट के साथ ही यात्रा करें।

अभी हाल ही में जयपुर स्टेशन पर फर्जी UTS टिकट का मामला पकड़ा गया, जिसमें AI का दुरुपयोग कर यात्री द्वारा टिकट में बदलाव कर धोखाधड़ी का प्रयास किया गया। रेलवे नियमों के अनुसार कार्रवाई करते हुए सभी यात्रियों पर संयुक्त जुर्माना लगाया गया तथा उनपर क़ानूनी कार्रवाई की जा रही है।