साबरमती लोको शेड में 113.63 करोड़ की लागत से विकसित होगी आधुनिक अनुरक्षण सुविधा, महाप्रबंधक ने किया निरीक्षण

अहमदाबाद। पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक रामश्रेय पाण्डेय और अहमदाबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने मंगलवार को साबरमती स्थित लोकोमोटिव शेड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने डब्ल्यूएजी-12 विद्युत इंजनों के अनुरक्षण के लिए प्रस्तावित 113.63 करोड़ रुपये की आधुनिक अवसंरचना परियोजना का स्थल निरीक्षण कर कार्ययोजना की विस्तृत समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक एवं मंडल रेल प्रबंधक ने साबरमती लोकोमोटिव शेड में एल्सटॉम द्वारा निर्मित 300 डब्ल्यूएजी-12 उच्च क्षमता वाले मालवाहक विद्युत इंजनों के अनुरक्षण के लिए विकसित की जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। प्रस्तावित परियोजना के तहत शेड का विस्तार करने के साथ अत्याधुनिक मरम्मत सुविधाएं, बोगी ड्रॉप पिट, पहिया अनुरक्षण सुविधा, स्वचालित लोको वाशिंग प्लांट, ओवरहेड उपकरण, विद्युत एवं दूरसंचार से संबंधित व्यवस्थाएं विकसित की जाएंगी।

अधिकारियों ने प्रस्तावित रेल लाइन लेआउट, अनुरक्षण योजना और आधारभूत संरचना की विस्तार से समीक्षा की। महाप्रबंधक ने निर्देश दिए कि भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सुविधा का विकास आधुनिक, सुरक्षित और उच्च गुणवत्ता वाले मानकों के अनुरूप किया जाए।

बेहतर प्रदर्शन के लिए शेड की सराहना

निरीक्षण के दौरान साबरमती लोकोमोटिव शेड के बेहतर प्रदर्शन की भी अधिकारियों ने सराहना की। निर्धारित मानकों और लक्ष्यों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन करते हुए शेड ने अनुरक्षण कार्यों में गुणवत्ता, विश्वसनीयता और कार्यकुशलता का बेहतर उदाहरण प्रस्तुत किया है।

शेड में किए जा रहे तकनीकी संशोधनों को भी विशेष रूप से सराहा गया। डब्ल्यूडीजी-5 लोकोमोटिव की स्टार्टिंग प्रणाली को वायवीय प्रणाली से विद्युत प्रणाली में परिवर्तित करने संबंधी तकनीकी संशोधन को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया गया।

इसके अलावा डब्ल्यूडीजी-4 लोकोमोटिव के टर्बो सुपरचार्जर में किए गए संशोधन और संशोधित टर्बो सुपरचार्जर का डब्ल्यूडीजी-5 लोकोमोटिव में सफल उपयोग भी शेड की तकनीकी क्षमता और नवाचार का उदाहरण बना है। अधिकारियों ने इन प्रयासों की विशेष प्रशंसा की।

इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर, लोकोमोटिव शेड, साबरमती सुमंत प्रसाद गुप्ता सहित मंडल के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। शेड के अधिकारियों ने परियोजना की प्रगति, अनुरक्षण कार्यों, तकनीकी उपलब्धियों और भविष्य की विकास योजनाओं की जानकारी महाप्रबंधक एवं मंडल रेल प्रबंधक को दी।

आधुनिक अनुरक्षण सुविधाओं, बेहतर तकनीकी कार्यकुशलता और लगातार किए जा रहे नवाचारों से साबरमती लोको शेड पश्चिम रेलवे की सुरक्षा, विश्वसनीयता और मालगाड़ियों के सुचारु संचालन को और मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।