पश्चिम रेलवे के प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक ने कर्मचारियों से किया सीधा संवाद, 35 कर्मियों को किया सम्मानित

अहमदाबाद। पश्चिम रेलवे के वाणिज्य विभाग की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने तथा जमीनी स्तर पर कर्मचारियों की समस्याओं और सुझावों को समझने के उद्देश्य से शनिवार, 8 अगस्त को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, अहमदाबाद में 'संवाद'कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व पश्चिम रेलवे के प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक तरुण जैन ने किया। इसमें पश्चिम रेलवे के विभिन्न मंडलों से आए वाणिज्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक ने कर्मचारियों से सीधे संवाद करते हुए यात्री विपणन, टिकट बुकिंग, आरक्षण, टिकट जांच, खानपान सेवाओं और राजस्व वृद्धि से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। फील्ड स्तर पर नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन और कार्यकुशलता बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया गया।

'संवाद' कार्यक्रम में बुकिंग क्लर्क, आरक्षण क्लर्क, वाणिज्यिक पर्यवेक्षक, वाणिज्यिक निरीक्षक, टिकट जांच कर्मचारी और खानपान कर्मियों सहित विभिन्न श्रेणियों के कर्मचारियों ने अपनी कार्य संबंधी समस्याएं, सुझाव और अनुभव वरिष्ठ अधिकारियों के सामने रखे। अधिकारियों ने कर्मचारियों के सुझावों को गंभीरता से सुना और यात्री सुविधाओं तथा वाणिज्यिक कार्यों में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले 3 अधिकारी और 32 कर्मचारी सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान वाणिज्य विभाग में उत्कृष्ट, सराहनीय और समर्पित कार्य करने वाले 3 अधिकारियों और 32 कर्मचारियों को 'मेरिट सर्टिफिकेट' प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक तरुण जैन ने चयनित अधिकारियों और कर्मचारियों को उनके उल्लेखनीय प्रदर्शन के लिए प्रमाण-पत्र प्रदान किए।

सम्मानित अधिकारियों में नीला देवी झाला, डीसीएम भावनगर,हाफिज खान, एसीएम अहमदाबाद और गौरव जैन, एसीएम वडोदरा शामिल रहे।

अहमदाबाद मंडल के जिन कर्मचारियों को सम्मानित किया गया, उनमें राहुल ग्रोवर,गिरीश रावल,मयूर सिंह राजपूत,विजय दत्त,शीतल जैन,निलेश जानी,कुणाल मावता,सुरेंद्र सिंह और जोगाराम शामिल हैं।

अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के संवाद कार्यक्रमों से मुख्यालय और मंडल स्तर के कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होता है। साथ ही, कर्मचारियों की व्यावहारिक चुनौतियों को समझकर यात्री सेवाओं में सुधार और रेलवे के वाणिज्यिक प्रदर्शन को और बेहतर बनाने में मदद मिलती है।

कार्यक्रम में मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. अंकुर देसाई, सहायक वाणिज्य प्रबंधक संजय यादव, सहायक वाणिज्य प्रबंधक यजुष आचार्य सहित पश्चिम रेलवे के विभिन्न मंडलों से आए वाणिज्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।