डीआरएम वेद प्रकाश ने गांधीधाम स्टेशन और रेलवे कॉलोनियों का किया निरीक्षण, यात्री सुविधाओं व कर्मचारियों के आवास पर दिया विशेष जोर

अहमदाबाद। पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने गांधीधाम रेलवे स्टेशन, रेलवे कॉलोनियों, रेलवे क्वार्टर्स और ओल्ड कांडला रेलवे कॉलोनी का निरीक्षण कर विकास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने रेलवे कर्मचारियों और उनके परिवारों से संवाद कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव सुने तथा अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर उनका समाधान करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने कॉलोनियों में स्वच्छता, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, सुरक्षा, रखरखाव और हरित क्षेत्रों का जायजा लिया। उन्होंने कर्मचारियों के लिए आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण आवासीय सुविधाएं विकसित करने के लिए चरणबद्ध कार्ययोजना तैयार कर जल्द कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

गांधीधाम रेलवे स्टेशन पर डीआरएम ने प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, स्टेशन परिसर, स्वच्छता और यात्री सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर यात्रा अनुभव देने के लिए सभी विकास कार्यों में तेजी लाई जाए।

अपने दौरे के दौरान डीआरएम वेद प्रकाश ने कांडला पोर्ट के चेयरमैन के साथ बैठक भी की। बैठक में भारतीय रेल और कांडला पोर्ट के बीच समन्वय मजबूत करने, माल ढुलाई क्षमता बढ़ाने, रेल अवसंरचना के विस्तार और भविष्य की संयुक्त विकास परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

डीआरएम ने कहा कि रेलवे कर्मचारियों के कल्याण और यात्रियों की संतुष्टि अहमदाबाद मंडल की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बेहतर आवासीय सुविधाएं, आधुनिक रेलवे अवसंरचना और यात्री सुविधाओं के विकास के लिए सभी विभाग मिलकर लगातार कार्य करेंगे।