सामाख्याली–भचाऊ नई रेल लाइन का सीआरएस संरक्षा निरीक्षण शुरू, 120 किमी प्रति घंटे की स्पीड ट्रायल आज

अहमदाबाद। पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल में सामाख्याली?भचाऊ चौहरीकरण परियोजना के तहत तैयार की गई नई तीसरी एवं चौथी रेल लाइन पर यात्री ट्रेनों के संचालन से पहले रेल संरक्षा आयुक्त (पश्चिम सर्कल) ई. श्रीनिवास ने बुधवार को विस्तृत संरक्षा निरीक्षण का पहला चरण पूरा किया। इस दौरान अहमदाबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश और मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) प्रदीप गुप्ता सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

रेल संरक्षा आयुक्त ने सामाख्याली से भचाऊ के बीच लगभग 16.40 किलोमीटर लंबी नई डाउन मेन-2 लाइन का मोटर ट्रॉली से निरीक्षण किया। इस दौरान ट्रैक की गुणवत्ता, रेल वेल्डिंग, ट्रैक ज्योमेट्री, समपार फाटक, सिग्नल एवं दूरसंचार प्रणाली, ओवरहेड विद्युत उपकरण (ओएचई), पुलों और रेलवे सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच की गई।

निरीक्षण के दौरान सामाख्याली रेलवे स्टेशन के यार्ड, सिग्नलिंग, इंटरलॉकिंग, पॉइंट मशीनों और अन्य सुरक्षा उपकरणों का परीक्षण किया गया। इसके अलावा समपार फाटक संख्या 202C, 203C, 205 और 206, ब्रिज संख्या 254, 261 और 261A तथा वोंध रेलवे स्टेशन का भी विस्तृत निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने समपार फाटक पर स्थानीय नागरिकों से बातचीत की। लोगों ने फाटक बंद रहने के दौरान होने वाली परेशानी और लंबे इंतजार की समस्या से अवगत कराया। इस पर डीआरएम ने अधिकारियों को जनहित को ध्यान में रखते हुए त्वरित और व्यावहारिक समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

रेलवे के अनुसार निरीक्षण के अगले चरण में 6 अगस्त 2026 को नई रेल लाइन पर विद्युत इंजन के साथ 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से स्पीड ट्रायल किया जाएगा। इसके सफल होने के बाद इस रेलखंड पर यात्री ट्रेनों के संचालन का मार्ग और अधिक प्रशस्त होगा।