स्वतंत्रता दिवस को लेकर वैष्णो देवी धाम में तैयारियां तेज, सुरक्षा से लेकर यात्री सुविधाओं तक की व्यापक समीक्षा

कटड़ा। आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह और श्रद्धालुओं की सुगम एवं सुरक्षित यात्रा को लेकर श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शनिवार को आध्यात्मिक विकास केंद्र, कटड़ा में श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सचिन कुमार वैश्य की अध्यक्षता में व्यापक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों के साथ-साथ कटड़ा और भवन क्षेत्र में सुरक्षा एवं श्रद्धालु सुविधाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन श्री माता वैष्णो देवी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, कटड़ा में किया जाएगा। समारोह में मुख्य कार्यकारी अधिकारी द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा और जम्मू-कश्मीर पुलिस, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, श्राइन सुरक्षा, एनसीसी तथा क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के बच्चों की टुकड़ियों वाली परेड का निरीक्षण किया जाएगा।

बैठक में सांस्कृतिक कार्यक्रम की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कार्यक्रम को राष्ट्रीय पर्व की भावना के अनुरूप तैयार किया जाए। साथ ही ?नशा मुक्त अभियान? जैसे सामाजिक सरोकारों से जुड़े संदेशों को भी कार्यक्रम में प्रमुखता दी जाए, ताकि समारोह के माध्यम से समाज को सकारात्मक संदेश दिया जा सके।

सुरक्षा व्यवस्था रहेगी मजबूत

बैठक में श्राइन क्षेत्र, कटड़ा नगर और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया। संवेदनशील एवं रणनीतिक स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए जाएंगे। साथ ही इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) और अन्य आधुनिक निगरानी प्रणालियों के माध्यम से वास्तविक समय में निगरानी की जाएगी।

अधिकारियों को नियमित सुरक्षा अभ्यास कराने, क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। तीर्थयात्रा से जुड़ी सेवाओं में केवल पंजीकृत और अधिकृत सेवा प्रदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

यात्री सुविधा और भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान

बैठक में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ-साथ भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, आपातकालीन प्रतिक्रिया और संचार व्यवस्था को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए गए।

एसपी कटड़ा और सीआरपीएफ के कमांडेंट ने बैठक में सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी देते हुए स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान सभी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय और पर्याप्त संसाधनों की तैनाती का भरोसा दिलाया।

बैठक में रियासी के एसएसपी, श्राइन बोर्ड के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी, संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी, कटड़ा के एसडीएम, उप मुख्य कार्यकारी अधिकारी, सहायक मुख्य कार्यकारी अधिकारी, तहसीलदार भवन, वन विभाग, पुलिस, सेना, सीआरपीएफ, रेलवे, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं, खुफिया एजेंसियों सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

श्राइन बोर्ड की इस व्यापक तैयारी से स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय समारोह के साथ-साथ माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, व्यवस्थित और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।