आसपुर पुलिस ने मलापा मठ क्षेत्र में क्वाटर्ज के अवैध खनन पर की कार्रवाई, जेसीबी मशीन जब्त, खनन विभाग को दी सूचना

संवाददाता ? संतोष व्यास

डूंगरपुर। जिले में अवैध खनन माफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन पृथ्वी के तहत आसपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खेतों के पास अवैध रूप से क्वाटर्ज खनिज का उत्खनन कर रही एक जेसीबी मशीन को जब्त किया है। आसपुर थानाधिकारी शैलेंद्र सिंह मय जाब्ता ने मुखबिर की सूचना पर आसपुर सर्कल के मलापा मठ क्षेत्र में दबिश दी। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची, तो पाया कि खेतों के पास खनिज क्वाटर्ज का अवैध उत्खनन धड़ल्ले से किया जा रहा था। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके से अवैध खनन में लिप्त जेसीबी मशीन जब्त कर लिया।

मामले में अग्रिम वैधानिक व जुर्माना संबंधी कार्रवाई के लिए पुलिस विभाग द्वारा खनन विभाग को सूचित कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध उत्खनन और पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाले माफियाओं के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।