आसपुर में 10.13 करोड़ की लागत से 42.69 किमी लंबी सड़कों का होगा सुदृढ़ीकरण

संवाददाता ? संतोष व्यास

डूंगरपुर। जिले के आसपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूती देने के लिए विधायक उमेश डामोर की पहल और निरंतर प्रयासों के बाद सार्वजनिक निर्माण विभाग ने बजट घोषणा 2026-27 के तहत क्षेत्र में 10.13 करोड़ रूपये की लागत से 20 नई सड़क निर्माण परियोजनाओं को प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी कर दी है। इन स्वीकृतियों के अंतर्गत कुल 42.69 किलोमीटर लंबा नया और सुदृढ़ सड़क नेटवर्क विकसित किया जाएगा।

इस महत्वाकांक्षी योजना के माध्यम से लंबे समय से बदहाल और कटे हुए ग्रामीण इलाकों को मुख्य धारा से जोड़ने की तैयारी है। स्वीकृत कार्यों में लगभग 5.00 करोड़ की लागत से 12.40 किलोमीटर लंबी 7 मिसिंग लिंक सड़कें बनाई जाएंगी, जबकि 5.13 करोड़ की लागत से 30.29 किलोमीटर लंबी 13 नॉन-पैचेबल सड़कों का जीर्णोद्धार व निर्माण कार्य किया जाएगा।

विधायक उमेश डामोर ने कहा कि आसपुर विधानसभा के अंतिम छोर तक बेहतर बुनियादी सुविधाएं और पक्की सड़कें पहुंचाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सड़कों के सुदृढ़ीकरण से शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और कृषि उपज के परिवहन को सीधा संबल मिलेगा। जनता की इस पुरानी मांग को प्रमुखता से उठाया गया था और आगे भी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।