बिछीवाड़ा में हरियालो राजस्थान अभियान के तहत पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

संवाददाता ? संतोष व्यास

डूंगरपुर। प्रदेशभर में चलाए जा रहे हरियालो राजस्थान - हरित राजस्थान अभियान के तहत बिछीवाड़ा स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय और राजकीय बालिका माध्यमिक विद्यालय में भव्य वृक्षारोपण एवं नि:शुल्क पौधा वितरण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन आयोजनों के जरिए विद्यार्थियों को न केवल पौधे रोपने, बल्कि उनकी नियमित देखभाल कर पर्यावरण को समृद्ध बनाने का संकल्प दिलाया गया।

- एनएसएस के तत्वावधान में श्रमदान, तहसीलदार ने जगाई अलख

राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में आयोजित वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम के मुख्य अतिथि तहसीलदार माधवलाल चरपोटा रहे, जबकि कार्यक्रम एनएसएस अधिकारी लक्ष्मण लाल खोखरिया के विशिष्ट सानिध्य में संपन्न हुआ। तहसीलदार चरपोटा ने विद्यार्थियों व विद्यालय कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि केवल पौधा लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसका संरक्षण करना हमारी नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी उपस्थितजनों को रोपे गए पौधों की नियमित देखभाल का संकल्प दिलाया। इस दौरान एनएसएस स्वयंसेवकों और शिक्षकों ने परिसर में विभिन्न प्रकार के फलदार एवं छायादार पौधे रोपे।

- बालिका विद्यालय में नि:शुल्क पौधा वितरण

इधर, राजकीय बालिका माध्यमिक विद्यालय में इको क्लब के तत्वावधान में पौधरोपण के साथ-साथ नि:शुल्क पौधा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्या गीतिका पंड्या ने बालिकाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि पौधा लगाना महज एक रस्म नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। हर छात्रा को कम से कम एक पौधे की देखरेख की जिम्मेदारी उठानी चाहिए। छात्राओं को पौधे वितरित किए गए ताकि वे अपने घरों और आसपास के परिवेश में हरियाली बढ़ा सकें।

इस अवसर पर पदेन प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी लक्ष्मीलाल पाटीदार, वृक्षारोपण प्रभारी घनश्याम नायक, मक्सीराम फलेजा, हरीश पंचाल, बाबूलाल भगोरा, विशाल जोशी, हरिराम फलेजा, हेमलता ननोमा, प्रेम नारायण मोलात, शशिकांत भगोरा सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, स्काउट-गाइड्स, एनएसएस स्वयंसेवक और छात्राएं बड़े उत्साह के साथ उपस्थित रहीं।