एबीवीपी ने छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर एसबीपी कॉलेज गेट पर किया उग्र प्रदर्शन

संवाददाता ? संतोष व्यास

डूंगरपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की डूंगरपुर जिला इकाई ने छात्रहितों और उच्च शिक्षा की विभिन्न समस्याओं को लेकर शुक्रवार को श्री भोगीलाल पंड्या राजकीय महाविद्यालय के मुख्य द्वार पर तालाबंदी कर उग्र प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए छात्रसंघ चुनावों को पुनः बहाल करने सहित पांच सूत्रीय मांगों को लेकर राजस्थान के उच्च शिक्षा मंत्री प्रेमचंद बैरवा के नाम कॉलेज प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा।

कॉलेज इकाई अध्यक्ष पंकज कलासुआ ने कहा कि राजस्थान में छात्र नेतृत्व को बढ़ावा देने और विश्वविद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण के लिए छात्रसंघ चुनाव अत्यंत आवश्यक हैं। गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध और जवाबदेह उच्च शिक्षा ही युवाओं के उज्ज्वल भविष्य का आधार है, लेकिन वर्तमान में प्रदेश की उच्च शिक्षा व्यवस्था कई प्रशासनिक व संरचनात्मक चुनौतियों से जूझ रही है, जिससे लाखों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव शीघ्र कराने, सभी विश्वविद्यालयों के लिए एक समान और पारदर्शी अकादमिक कैलेंडर लागू करने, विश्वविद्यालयों में खाली पड़े शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक पदों पर जल्द नियमित नियुक्तियां करने, प्रदेश के समस्त राजकीय महाविद्यालयों में स्थायी प्राचार्यों का पदस्थापना करने तथा राज्य के सभी विश्वविद्यालयों में राजस्थानी भाषा के स्वतंत्र विभाग स्थापित करने की मांग रखी।

प्रदर्शन के दौरान प्रांत छात्रावास संयोजक अनिल धमलात, प्रांत जनजाति कार्य प्रमुख राजेंद्र खराड़ी, भाग संयोजक मनीष गमेती, इकाई उपाध्यक्ष अश्विन खराड़ी, छात्रावास संयोजक शीला कोटेड, रागिनी खराड़ी, भरत भगोरा, कृष्णा, हिमानी कोटेड, रोहित भराड़ा, नटवर गमेती, पीनल, चेतन खराड़ी, सागर हडात, ओमप्रकाश, दीपक, मयूर, छगन, विनोद, करिश्मा, दीक्षांत, भावना, मीनाक्षी, किंजल, पायल और टीना सहित बड़ी संख्या में एबीवीपी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।