खुरपका मुंहपका टीकाकरण अभियान तेज, पशुपालक कराएं पंजीकरण  

बैतालपुर, देवरिया। राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) टीकाकरण अभियान के आठवें चरण का कार्य विकास खंड बैतालपुर में तेज गति से चल रहा है।ग्राम बहोरपुर में गुरुवार को पशुधन प्रसार अधिकारी निशाकान्त तिवारी के नेतृत्व में टीम द्वारा 50 पशुओं का टीकाकरण किया गया।
पशुधन प्रसार अधिकारी ने बताया कि टीकाकरण का पंजीकरण कराने के लिए आधार कार्ड अनिवार्य है। शासन द्वारा सभी टीकों का प्रतिदिन ऑनलाइन अपलोड करने के निर्देश प्राप्त हुए हैं, जो जनसहयोग के बिना संभव नहीं है।उन्होंने बताया कि विकास खंड बैतालपुर में 12 हजार पशुओं के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित है, जिसमें से अब तक 3500 पशुओं का टीकाकरण किया जा चुका है।
पशुचिकित्साधिकारी डॉ. दीग्विजय ने पशुपालकों से अपील की कि टीम के गांव में पहुंचने पर अपने एवं आसपास के सभी पशुओं का टीकाकरण अवश्य कराएं। तभी खुरपका-मुंहपका बीमारी को नियंत्रित किया जा सकता है।अभियान में सुभाष चन्द्र,सुनील कुमार,रजनीश यादव,धर्मेन्द्र यादव,अभिषेक मणि,पंकज मणि,चेतन मणि,दुष्यंत तिवारी,राजकुमार यादव,साबिया खातून एवं आयुष कुमार श्रीवास्तव द्वारा टीकाकरण किया जा रहा है।