उत्तर पश्चिम रेलवे का शानदार प्रदर्शन, जुलाई तक यात्री संख्या में 7% और माल राजस्व में 18% की बढ़ोतरी

जयपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के पहले चार महीनों (अप्रैल से जुलाई) में यात्री और माल परिवहन दोनों क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। यात्रियों की बढ़ती संख्या, स्पेशल ट्रेनों के संचालन और माल ढुलाई में बढ़ोतरी के चलते रेलवे ने राजस्व में भी शानदार वृद्धि दर्ज की है।

मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, जुलाई 2026 में उत्तर पश्चिम रेलवे से करीब 81 लाख यात्रियों ने यात्रा की, जिससे 164 करोड़ रुपये का यात्री राजस्व प्राप्त हुआ। यह पिछले वर्ष जुलाई की तुलना में 13 प्रतिशत अधिक है। वहीं अप्रैल से जुलाई 2026 तक लगभग 7 करोड़ यात्रियों ने यात्रा की, जिससे 1310 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित हुआ। यह यात्री संख्या में 7 प्रतिशत और राजस्व में 13 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्शाता है।

माल ढुलाई के क्षेत्र में भी रेलवे का प्रदर्शन प्रभावशाली रहा। जुलाई 2026 में 2.694 मिलियन टन माल ढुलाई कर 166.83 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया गया, जो पिछले वर्ष की तुलना में माल ढुलाई में 9 प्रतिशत और राजस्व में 6 प्रतिशत अधिक है।

वहीं वित्तीय वर्ष 2026-27 में अप्रैल से जुलाई तक 10.851 मिलियन टन माल की ढुलाई की गई, जिससे 1439.90 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। यह पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में माल ढुलाई में 11 प्रतिशत और राजस्व में 18 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि है।

रेलवे प्रशासन का कहना है कि स्पेशल ट्रेनों का संचालन, अतिरिक्त कोचों की व्यवस्था, परिचालन दक्षता में सुधार और माल परिवहन सुविधाओं के विस्तार का सकारात्मक असर इन आंकड़ों में दिखाई दे रहा है। उत्तर पश्चिम रेलवे ने भविष्य में भी सुरक्षित, समयबद्ध और बेहतर रेल सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ आधारभूत संरचना और माल परिवहन क्षमता बढ़ाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।