डीआरएम राजू भूतड़ा ने अजमेर रेलवे स्टेशन का किया निरीक्षण, मानसून में यात्री सुविधाओं और सुरक्षा पर दिया विशेष जोर

अजमेर। उत्तर पश्चिम रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा ने बुधवार को अजमेर रेलवे स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं, स्वच्छता और मानसून के दौरान की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक विकास बूरा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मिहिर देव सहित रेलवे के कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म और प्लेटफॉर्म शेड का बारीकी से निरीक्षण किया तथा वर्षा के कारण यात्रियों को होने वाली संभावित समस्याओं की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि बारिश से जुड़ी किसी भी असुविधा का तत्काल और स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए।

डीआरएम ने स्टेशन पर उपलब्ध प्रतीक्षालय, एस्केलेटर, फुट ओवर ब्रिज और यात्रियों की जानकारी के लिए लगाए गए डिजिटल डिस्प्ले नेटवर्क का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को सभी सुविधाओं का नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने और यात्रियों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

राजू भूतड़ा ने कहा कि रेलवे की प्राथमिकता यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्टेशन पर स्वच्छता, सुरक्षा और यात्री सुविधाओं के स्तर को और बेहतर बनाया जाए, ताकि मानसून के दौरान भी यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।