स्वतंत्रता दिवस और रक्षाबंधन पर यात्रियों को बड़ी राहत, उत्तर पश्चिम रेलवे ने किए विशेष इंतजाम

जयपुर। स्वतंत्रता दिवस और रक्षाबंधन के त्योहारों के दौरान बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने व्यापक तैयारियां की हैं। यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और सुगम यात्रा उपलब्ध कराने के लिए रेलवे ने विशेष रेल सेवाओं का संचालन, अतिरिक्त डिब्बों की व्यवस्था तथा पहले से चल रही स्पेशल ट्रेनों के फेरों में बढ़ोतरी का निर्णय लिया है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, पूरे अगस्त माह में यात्रियों की सुविधा के लिए 55 जोड़ी ट्रेनों में विभिन्न श्रेणियों के 146 अतिरिक्त कोच अस्थायी रूप से लगाए जा चुके हैं। इससे अधिक यात्रियों को कन्फर्म सीट मिलने की संभावना बढ़ेगी और वेटिंग सूची में भी कमी आएगी।

रक्षाबंधन पर अपने घर जाने वाले प्रवासी यात्रियों और परिवारों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रयागराज, बांद्रा टर्मिनस, मुंबई सेंट्रल, भिवानी, सीकर, रींगस, श्रीगंगानगर, लक्ष्मीबाई नगर और समस्तीपुर जैसे प्रमुख शहरों के लिए विशेष रेल सेवाएं पहले ही घोषित की जा चुकी हैं। साथ ही पहले से संचालित कई स्पेशल ट्रेनों के फेरों में भी बढ़ोतरी की जा रही है, ताकि अधिक से अधिक यात्रियों को यात्रा सुविधा मिल सके।

रेलवे प्रशासन ने बताया कि स्टेशनों पर यात्रियों की संख्या और मांग का लगातार आकलन किया जा रहा है। आवश्यकता के अनुसार अन्य प्रमुख मार्गों पर भी अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू किया जाएगा, जिससे त्योहारी सीजन में यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

उत्तर पश्चिम रेलवे की यह पहल यात्रियों को त्योहारों के दौरान बेहतर, सुरक्षित और सुविधाजनक रेल यात्रा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। रेलवे का प्रयास है कि हर यात्री अपने परिवार तक समय पर और आरामदायक ढंग से पहुंच सके।