बाबा खाटू श्याम के भक्तों को रेलवे की बड़ी सौगात, प्रयागराज-सीकर साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन का झींझक स्टेशन पर मिलेगा ठहराव

प्रयागराज। बाबा खाटू श्याम के दर्शन के लिए यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं और अन्य रेल यात्रियों को बड़ी राहत देते हुए रेल प्रशासन ने प्रयागराज?सीकर?प्रयागराज साप्ताहिक विशेष ट्रेन (04161/04162) का झींझक स्टेशन पर ठहराव देने का निर्णय लिया है। यह सुविधा 10 अगस्त 2026 से लागू होगी।

रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 04161 प्रयागराज?सीकर साप्ताहिक विशेष ट्रेन प्रत्येक सोमवार को 10 अगस्त से 30 नवंबर 2026 तक कुल 17 फेरे लगाएगी। वहीं गाड़ी संख्या 04162 सीकर?प्रयागराज साप्ताहिक विशेष ट्रेन प्रत्येक मंगलवार को 11 अगस्त से 1 दिसंबर 2026 तक 17 फेरे संचालित होगी।

नई व्यवस्था के तहत 04161 प्रयागराज?सीकर स्पेशल झींझक स्टेशन पर रात्रि 21:01 बजे पहुंचेगी और 21:03 बजे प्रस्थान करेगी, जबकि 04162 सीकर?प्रयागराज स्पेशल झींझक स्टेशन पर प्रातः 03:21 बजे पहुंचेगी और 03:23 बजे रवाना होगी।

रेलवे का मानना है कि इस ठहराव से झींझक और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों, विशेषकर बाबा खाटू श्याम के श्रद्धालुओं, को सीधी रेल सुविधा का लाभ मिलेगा। इससे उनकी यात्रा अधिक सुविधाजनक, सुगम और समय की बचत वाली होगी।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन के समय एवं अन्य जानकारी रेलवे के अधिकृत माध्यमों से प्राप्त करने की अपील की है।