रेल यात्रियों को राहत: प्रयागराज–हजरत निजामुद्दीन स्पेशल ट्रेन की अवधि बढ़ी, अगस्त के अंत तक चलेगी सेवा

रेल प्रशासन ने यात्रियों की बढ़ती मांग और सुविधा को ध्यान में रखते हुए गाड़ी संख्या 04123/04124 प्रयागराज?हजरत निजामुद्दीन?प्रयागराज द्विसाप्ताहिक स्पेशल ट्रेन के संचालन की अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया है। इससे दिल्ली और प्रयागराज के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।

जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार गाड़ी संख्या 04123 प्रयागराज?हजरत निजामुद्दीन स्पेशल प्रत्येक बुधवार और रविवार को संचालित होगी। पहले यह ट्रेन 29 जुलाई 2026 तक अधिसूचित थी, जिसे अब 5 अगस्त 2026 से 30 अगस्त 2026 तक बढ़ा दिया गया है। इस अवधि में ट्रेन 8 अतिरिक्त फेरे लगाएगी।

इसी प्रकार गाड़ी संख्या 04124 हजरत निजामुद्दीन?प्रयागराज स्पेशल प्रत्येक गुरुवार और सोमवार को चलेगी। इसकी संचालन अवधि भी 6 अगस्त 2026 से 31 अगस्त 2026 तक बढ़ाई गई है और यह भी 8 अतिरिक्त फेरे संचालित करेगी।

रेलवे के अनुसार इस विशेष ट्रेन में कुल 22 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें 2 एसएलआर/डी, 9 स्लीपर, 9 सामान्य, 1 एसी तृतीय श्रेणी तथा 1 एसी प्रथम सह द्वितीय श्रेणी का डिब्बा शामिल रहेगा।

रेलवे प्रशासन ने कहा है कि स्पेशल ट्रेन की संचालन अवधि बढ़ाए जाने से दिल्ली और प्रयागराज के बीच यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को राहत मिलेगी तथा त्योहारों और बढ़ती यात्री संख्या के दौरान सुगम एवं सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित होगी।