आरआरबी लेवल-1 भर्ती परीक्षा की सभी तैयारियां पूरी, सुरक्षा और पारदर्शिता के बीच 22,195 पदों के लिए होगी भर्ती

प्रयागराज। भारतीय रेलवे द्वारा आरआरबी लेवल-1 के 22,195 पदों पर भर्ती के लिए आयोजित की जा रही कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए उत्तर मध्य रेलवे और रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी), प्रयागराज ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा 3 अगस्त से 25 अगस्त 2026 तक 16 परीक्षा दिवसों में 48 शिफ्टों में आयोजित की जाएगी।

देशव्यापी भर्ती अभियान के तहत 144 शहरों के 335 परीक्षा केंद्रों पर 52.39 लाख से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। आरआरबी प्रयागराज के अधिकार क्षेत्र में 28 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें उत्तर प्रदेश के प्रयागराज, कानपुर, अलीगढ़, आगरा, झांसी और मुरादाबाद सहित उत्तराखंड के रुड़की और देहरादून भी शामिल हैं। इस भर्ती अभियान के माध्यम से उत्तर मध्य रेलवे के विभिन्न मंडलों और कार्यशालाओं में 1,183 रिक्त पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।

रेलवे प्रशासन ने परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर रेलवे अधिकारी को सेंटर कोऑर्डिनेटर के रूप में तैनात किया गया है, जबकि बड़े केंद्रों पर दो-दो अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई है। अभ्यर्थियों की सहायता और परीक्षा संचालन के लिए पर्याप्त संख्या में कर्मचारियों की भी तैनाती की गई है।

सभी परीक्षा केंद्र 100 प्रतिशत सीसीटीवी निगरानी में रहेंगे और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों की विशेष तैनाती की गई है। परीक्षा ड्यूटी में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों को पहले ही विस्तृत प्रशिक्षण दिया जा चुका है, ताकि परीक्षा का संचालन पूरी पारदर्शिता और दक्षता के साथ हो सके।

रेलवे ने जिला प्रशासन और पुलिस के साथ भी समन्वय स्थापित किया है, जिससे परीक्षा केंद्रों के आसपास कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और अभ्यर्थियों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित की जा सके।

रेलवे प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अपने ई-कॉल लेटर में दिए गए निर्देशों का पालन करें, निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचें और परीक्षा की गरिमा एवं पारदर्शिता बनाए रखने में सहयोग करें।

उत्तर मध्य रेलवे की यह व्यापक तैयारी भारतीय रेलवे की पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया, आधुनिक तकनीक के उपयोग और अभ्यर्थियों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित परीक्षा वातावरण उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।