हरदोई में बिजली का पोल गिरने से कक्षा 9 की छात्रा की मौत, सहेली बाल-बाल बची, सीसीटीवी में कैद हुआ दर्दनाक हादसा

हरदोई। बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के भीहगांव में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में कक्षा 9 की छात्रा रागिनी शुक्ला (14) की मौत हो गई, जबकि उसकी सहेली कामिनी बाल-बाल बच गई। यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसकी फुटेज अब जांच का हिस्सा है।

जानकारी के अनुसार, भीहगांव स्थित एक किराना दुकान पर डीसीएम से सामान उतारा जा रहा था। इसी दौरान वाहन ऊपर से गुजर रही बिजली की मुख्य लाइन में उलझ गया। चालक के वाहन आगे बढ़ाने पर तार में तेज खिंचाव आया और बिजली का पोल उखड़कर सड़क पर गिर पड़ा।
उसी समय रागिनी अपनी सहेली के साथ दुकान पर सामान लेने जा रही थी। अचानक गिरे पोल की चपेट में आने से रागिनी गंभीर रूप से घायल हो गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी सहेली किसी तरह सुरक्षित बच निकली।
रागिनी, अजय शुक्ला की पुत्री थी और चंद्रहास सिंह मुन्नी देवी इंटर कॉलेज में कक्षा 9 की छात्रा थी। वह चार बहनों और दो भाइयों में दूसरे नंबर पर थी। परिजनों के अनुसार वह पढ़ाई में होनहार थी। बेटी की असमय मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
सूचना पर बेहटा गोकुल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी मार्कण्डेय सिंह ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज का परीक्षण किया जा रहा है और परिजनों से तहरीर मिलने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।