हरदोई में गंगा स्नान के दौरान दो किशोर डूबे, एक कांवड़िया सुरक्षित बचाया गया, एसडीआरएफ तलाश में जुटी

हरदोई। सावन के पहले सोमवार पर गंगा जल लेने पहुंचे कांवड़ियों के साथ हरदोई में बड़ा हादसा हो गया। अरवल थाना क्षेत्र के कुसुमखोर गंगा घाट पर तीन कांवड़िए चिन्हित स्नान घाट को छोड़कर मुख्यधारा में नहाने चले गए, जहां तेज बहाव की चपेट में आने से तीनों डूबने लगे। स्थानीय गोताखोरों की मदद से एक युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि दो किशोरों की तलाश जारी है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे नारद पुत्र गोविंदराम, ऋषि पुत्र छादामें (दोनों उम्र करीब 15 वर्ष) तथा शिवम पुत्र सुनील (21 वर्ष), निवासी ग्राम चौसार, थाना अरवल, कुसुमखोर घाट पर जल लेने पहुंचे थे।
पुलिस और स्थानीय लोगों ने उन्हें चिन्हित सुरक्षित घाट पर ही स्नान करने की सलाह दी, लेकिन तीनों आगे बढ़कर गंगा की मुख्यधारा में उतर गए। नहाते समय तीनों डूबने लगे। मौके पर मौजूद स्थानीय गोताखोरों ने शिवम को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि नारद और ऋषि गहरे पानी में लापता हो गए।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ टीम और गोताखोर मौके पर पहुंच गए। दोनों किशोरों की तलाश के लिए लगातार रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है।
सावन के पहले सोमवार को हुए इस हादसे से घाट पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे केवल चिन्हित सुरक्षित घाटों पर ही स्नान करें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।