हरदोई में बहन से प्रेम-प्रसंग बना डबल मर्डर की वजह, तीन बाल अपचारी समेत पांच आरोपी गिरफ्तार, कोल्ड ड्रिंक पार्टी के बहाने बुलाकर की हत्या

हरदोई। संडीला क्षेत्र में दो युवकों की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, प्रेम-प्रसंग के चलते रची गई साजिश में तीन बाल अपचारियों समेत पांच आरोपियों ने अरुण चौरसिया और उसके साथी अभिषेक चौरसिया की हत्या कर दी। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर तीन बाल अपचारियों को अभिरक्षा में लिया है।
30 जुलाई को अतरौली मार्ग पर तकिया-आटामऊ रोड के किनारे दोनों युवकों के शव मिले थे। जांच में सामने आया कि मृतक अरुण का एक बाल अपचारी की बहन से पिछले करीब पांच माह से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। कई बार समझाने के बावजूद बातचीत बंद न होने पर आरोपियों ने 15 दिन पहले हत्या की योजना बनाई।
एएसपी पूर्वी सुबोध गौतम ने बताया कि 29 जुलाई की शाम आरोपियों ने अरुण और अभिषेक को कोल्ड ड्रिंक पार्टी के बहाने बुलाया। पहले से छिपाकर रखे गए बांस के डंडों से दोनों पर ताबड़तोड़ हमला किया गया। अभिषेक के भागने का प्रयास करने पर उसे भी पीटकर घायल कर दिया गया। इसके बाद अरुण के जीवित होने की आशंका पर उसके चेहरे पर तमंचे से गोली मार दी गई। वारदात के बाद आरोपी दोनों के मोबाइल लेकर फरार हो गए।
पुलिस ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया है। उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस, दो बांस के डंडे तथा दोनों मृतकों के मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। मामले के सफल अनावरण में संडीला पुलिस, स्वाट, सर्विलांस और एसओजी टीम की संयुक्त कार्रवाई रही। पुलिस अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है।