संगम से खाटू श्याम धाम तक चलेगी नई स्पेशल ट्रेन, श्रद्धालुओं और पर्यटकों को मिलेगी बड़ी सुविधा

रेलवे ने यात्रियों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बड़ी सौगात देते हुए गाड़ी संख्या 04161/04162 प्रयागराज?सीकर?प्रयागराज साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह विशेष रेलसेवा उत्तर प्रदेश और राजस्थान की धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन विरासत को सीधे जोड़ते हुए प्रयागराज के पवित्र संगम से श्री खाटू श्याम धाम तक सुगम रेल संपर्क उपलब्ध कराएगी।

रेलवे के अनुसार, इस विशेष ट्रेन का उद्देश्य प्रयागराज क्षेत्र और रींगस जंक्शन (श्री खाटू श्याम जी) के बीच बेहतर रेल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराना है, जिससे श्रद्धालुओं के साथ-साथ पर्यटकों को भी आरामदायक और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा।

यह ट्रेन उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों को जोड़ेगी। इनमें प्रयागराज (संगम और आनंद भवन), कानपुर (पनकी धाम), आगरा (ताजमहल), मथुरा-वृंदावन व गोवर्धन, भरतपुर, दौसा (मेहंदीपुर बालाजी), अलवर क्षेत्र (सरिस्का टाइगर रिजर्व), जयपुर (आमेर किला और हवा महल), रींगस जंक्शन (श्री खाटू श्याम मंदिर) तथा सीकर (शेखावाटी की प्रसिद्ध हवेलियां और भित्तिचित्र) शामिल हैं।

रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 04161 प्रयागराज?सीकर स्पेशल का संचालन 10 अगस्त से 30 नवंबर 2026 तक प्रत्येक सोमवार को किया जाएगा और यह कुल 17 फेरे लगाएगी। वहीं गाड़ी संख्या 04162 सीकर?प्रयागराज स्पेशल 11 अगस्त से 1 दिसंबर 2026 तक प्रत्येक मंगलवार को चलेगी तथा 17 फेरे संचालित करेगी।

यह स्पेशल ट्रेन 20 कोचों के साथ चलेगी, जिसमें 2 एसएलआर/डी, 7 सामान्य, 10 स्लीपर और 1 एसी तृतीय श्रेणी का डिब्बा शामिल रहेगा। ट्रेन मार्ग में भरवारी, फतेहपुर, गोविंदपुरी, फफूंद, इटावा, फतेहाबाद, आगरा कैंट, भरतपुर, बांदीकुई, दौसा, खातीपुरा, जयपुर और रींगस सहित प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव करेगी।

रेलवे का मानना है कि यह नई स्पेशल ट्रेन न केवल लाखों श्रद्धालुओं के लिए खाटू श्याम धाम की यात्रा को आसान बनाएगी, बल्कि उत्तर प्रदेश और राजस्थान के बीच धार्मिक पर्यटन, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और क्षेत्रीय पर्यटन को भी नई गति प्रदान करेगी।