त्योहारी सीजन में यात्रियों को बड़ी सौगात, प्रयागराज-सीकर साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलेगी

जयपुर। आगामी त्योहारी सीजन में बढ़ने वाली यात्री भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए प्रयागराज-सीकर-प्रयागराज साप्ताहिक स्पेशल रेलसेवा के संचालन का निर्णय लिया है। यह विशेष ट्रेन 17-17 फेरों के लिए संचालित की जाएगी, जिससे उत्तर प्रदेश और राजस्थान के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, गाड़ी संख्या 04161 प्रयागराज-सीकर साप्ताहिक स्पेशल 10 अगस्त 2026 से 30 नवंबर 2026 तक प्रत्येक सोमवार को प्रयागराज से शाम 5:10 बजे रवाना होगी। ट्रेन मंगलवार सुबह 5:55 बजे जयपुर पहुंचेगी, जहां पांच मिनट के ठहराव के बाद सुबह 6:00 बजे प्रस्थान कर 8:20 बजे सीकर पहुंचेगी।

इसी प्रकार गाड़ी संख्या 04162 सीकर-प्रयागराज साप्ताहिक स्पेशल 11 अगस्त 2026 से 1 दिसंबर 2026 तक प्रत्येक मंगलवार को दोपहर 3:25 बजे सीकर से रवाना होगी। यह ट्रेन शाम 5:15 बजे जयपुर पहुंचेगी, पांच मिनट के ठहराव के बाद 5:20 बजे प्रस्थान कर बुधवार सुबह 8:50 बजे प्रयागराज पहुंचेगी।

यह विशेष रेलसेवा मार्ग में भरवारी, फतेहपुर, गोविंदपुरी, फफूंद, इटावा, फतेहाबाद, आगरा कैंट, भरतपुर, बांदीकुई, दौसा, खातीपुरा, जयपुर, ढेहर का बालाजी और रींगस स्टेशनों पर ठहराव करेगी।

रेलवे के अनुसार, इस स्पेशल ट्रेन में कुल 20 डिब्बे होंगे, जिनमें 1 थर्ड एसी, 10 द्वितीय शयनयान, 7 साधारण श्रेणी तथा 2 गार्ड डिब्बे शामिल रहेंगे। रेलवे का उद्देश्य त्योहारी सीजन में यात्रियों को सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना है।