उत्तर पश्चिम रेलवे की बड़ी कार्रवाई: पैंट्री कार में अनाधिकृत यात्रा कर रहे यात्री पर जुर्माना, पैंट्री मैनेजर पर भी होगी कार्रवाई

जयपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे ने बिना टिकट और अनाधिकृत यात्रा के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए राजेंद्र नगर पटना?अजमेर एक्सप्रेस (12395) की पैंट्री कार में अवैध रूप से यात्रा कर रहे एक यात्री को पकड़ा। टिकट जांच के दौरान यात्री पर रेलवे नियमों के अनुसार जुर्माना लगाया गया, जबकि उसे अनाधिकृत रूप से पैंट्री कार में यात्रा कराने के मामले में पैंट्री कार मैनेजर के खिलाफ भी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

रेलवे के अनुसार, पीसीसीएम स्क्वाड द्वारा 30 जुलाई को विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया, जिसमें बिना टिकट और गलत श्रेणी में यात्रा करने वाले यात्रियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान कई यात्रियों से नियमानुसार जुर्माना भी वसूला गया।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि रेलवे का उद्देश्य अधिकृत टिकटधारी यात्रियों को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना है। इसलिए समय-समय पर विशेष टिकट जांच अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाती है।

रेल प्रशासन ने सभी यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा वैध टिकट लेकर और निर्धारित श्रेणी में ही यात्रा करें। बिना टिकट या अनाधिकृत स्थानों पर यात्रा करना रेलवे नियमों का उल्लंघन है, जिस पर जुर्माना और अन्य कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

रेलवे का कहना है कि ऐसे नियमित अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि रेल यात्रा अधिक सुरक्षित, अनुशासित और यात्रियों के लिए सुविधाजनक बनी रहे।