गणेशोत्सव पर यात्रियों को मध्य रेल की बड़ी सौगात, 246 विशेष ट्रेनें चलेंगी

मुंबई। आगामी गणेशोत्सव के दौरान यात्रियों और गणपति भक्तों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए मध्य रेल ने 246 गणपति विशेष ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है। इन ट्रेनों के माध्यम से मुंबई, पुणे और कोंकण क्षेत्र के बीच यात्रा करने वाले लाखों श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी।

मध्य रेल द्वारा घोषित 246 विशेष ट्रेनों में 184 आरक्षित मिश्रित विशेष ट्रेनें (एसी, शयनयान एवं सामान्य कोच सहित) तथा 62 अनारक्षित विशेष ट्रेनें शामिल हैं। इनमें छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) से 98 सेवाएं, लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी) से 76 सेवाएं, पुणे से 10 सेवाएं तथा 62 अनारक्षित मेमू विशेष सेवाएं संचालित की जाएंगी।

विशेष ट्रेनों का संचालन मुख्य रूप से 11 सितंबर से 28 सितंबर 2026 के बीच किया जाएगा। इनका संचालन सावंतवाड़ी रोड, रत्नागिरी, मडगांव, खेड़ और चिपलून जैसे प्रमुख कोंकण रेलवे स्टेशनों के लिए होगा। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अधिकांश ट्रेनों में एसी थ्री-टियर, एसी टू-टियर, प्रथम एसी, शयनयान, सामान्य द्वितीय श्रेणी तथा गार्ड ब्रेक वैन की व्यवस्था की गई है। वहीं अनारक्षित यात्रियों के लिए 12 कोच वाली मेमू (MEMU) विशेष ट्रेनें भी चलाई जाएंगी।

इन मार्गों पर चलेंगी विशेष ट्रेनें

सीएसएमटी सावंतवाड़ी रोड दैनिक विशेष

सीएसएमटी रत्नागिरी दैनिक विशेष

एलटीटी सावंतवाड़ी रोड दैनिक, साप्ताहिक एवं द्वि-साप्ताहिक विशेष

एलटीटी रत्नागिरी सप्ताह में पांच दिन विशेष

एलटीटी मडगांव एसी एवं सामान्य विशेष

पुणे रत्नागिरी एसी एवं सामान्य साप्ताहिक विशेष

दिवा खेड़ एवं दिवा चिपलून मेमू अनारक्षित विशेष

आरक्षण कब से शुरू होगा

मध्य रेल के अनुसार आरक्षित विशेष ट्रेनों के लिए बुकिंग चरणबद्ध तरीके से शुरू होगी।

1 अगस्त 2026: ट्रेन संख्या 01153, 01445, 01167 एवं 01447

2 अगस्त 2026: ट्रेन संख्या 01165 एवं 01185

3 अगस्त 2026: ट्रेन संख्या 01103, 01129, 01151, 01171 एवं 01131

यात्री पीआरएस काउंटर और आईआरसीटीसी वेबसाइट के माध्यम से आरक्षण करा सकेंगे। अनारक्षित कोचों के टिकट यूटीएस (UTS) प्रणाली से उपलब्ध होंगे। टिकट बुकिंग के लिए यात्री रेलवन (RailOne) ऐप का भी उपयोग कर सकते हैं। ट्रेनों की समय-सारिणी और सभी ठहराव की जानकारी एनटीईएस (NTES) ऐप तथा रेलवे की पूछताछ वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी।

मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. स्वप्नील निला ने बताया कि गणेशोत्सव के दौरान यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए यह विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक रेल यात्रा उपलब्ध कराई जा सके।