प्रयागराज में रेलवे भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा शुरू, 29 जुलाई तक 3736 अभ्यर्थी देंगे पीईटी

प्रयागराज। रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ (आरआरसी), इलाहाबाद द्वारा विभिन्न पदों पर भर्ती प्रक्रिया के तहत लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) का आयोजन 25 से 29 जुलाई 2026 तक प्रयागराज के डीएसए ग्राउंड में किया जा रहा है। इस दौरान कुल 3736 अभ्यर्थी शारीरिक दक्षता परीक्षा में शामिल होंगे। भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखने के लिए परीक्षा की संपूर्ण वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है।

शारीरिक दक्षता परीक्षा भर्ती प्रक्रिया का अहम चरण है। इसमें अभ्यर्थियों को 4 मिनट 15 सेकंड के भीतर 1000 मीटर दौड़ पूरी करनी होती है। इसके अलावा 35 किलोग्राम भार उठाकर 2 मिनट के भीतर 100 मीटर की दूरी तय करना भी अनिवार्य है। अगले चरण में चयन के लिए दोनों मानकों को सफलतापूर्वक पूरा करना जरूरी है।

परीक्षा के पहले दो दिनों में अभ्यर्थियों का उत्साह देखने को मिला। 25 जुलाई को 480 तथा 26 जुलाई को 928 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया। शेष अभ्यर्थियों की परीक्षा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 29 जुलाई तक आयोजित की जाएगी।

रेल प्रशासन द्वारा परीक्षा स्थल पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों के दस्तावेजों और पहचान पत्रों की सघन जांच की जा रही है। साथ ही उन्हें परीक्षा संबंधी सभी दिशा-निर्देशों की जानकारी देकर निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जा रहा है। उत्तर मध्य रेलवे और रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ का लक्ष्य पूरी भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कर योग्य अभ्यर्थियों का चयन करना है।

शारीरिक दक्षता परीक्षा का आयोजन अपर मंडल रेल प्रबंधक (सामान्य) दीपक कुमार, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी वैभव कुमार गुप्ता तथा सहायक कार्मिक अधिकारी रुपेश कुमार सुमन के प्रत्यक्ष मार्गदर्शन में किया जा रहा है। परीक्षा स्थल पर सुरक्षा, अनुशासन और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए रेलवे अधिकारियों एवं कर्मचारियों की पर्याप्त तैनाती की गई है तथा प्रत्येक गतिविधि पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परीक्षा स्थल पर पेयजल, पंखे, कूलर, टेंट और स्वच्छ शौचालयों की व्यवस्था की गई है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ और एम्बुलेंस की उपलब्धता भी सुनिश्चित की गई है।