उत्तर मध्य रेलवे सेंट जॉन एम्बुलेंस ब्रिगेड का वृहद पौधारोपण अभियान, 100 से अधिक पौधे लगाए

प्रयागराज। पर्यावरण संरक्षण और "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से उत्तर मध्य रेलवे सेंट जॉन एम्बुलेंस ब्रिगेड, प्रयागराज द्वारा रविवार को लोको कॉलोनी (दसवें मार्ग) स्थित न्यू बिल्डिंग परिसर में वृहद पौधारोपण अभियान एवं संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों, ब्रिगेड सदस्यों और सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए 100 से अधिक पौधे लगाए।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधीक्षक एवं उपायुक्त डॉ. सुरेंद्र नाथ, अपर मुख्य चिकित्सा निदेशक डॉ. परवेज, डिवीजनल कमांडर (मेडिकल) डॉ. आशीष अग्रवाल तथा डिवीजनल कमांडर (प्रशासन) डॉ. अमित मालवीय की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ।

पौधारोपण अभियान के दौरान छायादार, फलदार एवं विभिन्न प्रजातियों के फूलदार पौधे लगाए गए। उपस्थित सभी अधिकारियों और सदस्यों ने पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प भी लिया, ताकि भविष्य में ये पौधे स्वच्छ, हरित और स्वस्थ वातावरण के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।

पौधारोपण के बाद केंद्रीय चिकित्सालय सभागार में आयोजित संगोष्ठी में वक्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। अपर मुख्य चिकित्सा निदेशक डॉ. परवेज और डिवीजनल कमांडर (मेडिकल) डॉ. आशीष अग्रवाल ने कहा कि पेड़-पौधे पर्यावरण को शुद्ध करने के साथ-साथ जल संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन, तापमान नियंत्रण और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने प्रत्येक नागरिक से कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल की जिम्मेदारी निभाने की अपील की।

कार्यक्रम का संचालन अमित कुमार मौर्य ने किया। अभियान को सफल बनाने में एम्बुलेंस अधिकारी उदय चंद मौर्य, राजीव सिंह, रतन कुमार, मंडल सचिव आलोक कुमार वर्मा, कॉरपोरल अमित कुमार मौर्य, सार्जेंट विजय कुमार, पवन कुमार, राजीव कुमार दिवाकर, सदस्य तेज बहादुर यादव, मनीष कुमार, राम सजीवन पटेल सहित 50 से अधिक सदस्यों एवं सेवानिवृत्त अधिकारियों का उल्लेखनीय योगदान रहा।

सेंट जॉन एम्बुलेंस ब्रिगेड, उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज ने भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण और जनहित से जुड़े ऐसे जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने का संकल्प दोहराया।