अलीगढ़ में अग्निशमन विभाग का बड़ा सुरक्षा अभियान, 160 लोगों को दिया आग से बचाव का प्रशिक्षण

अलीगढ़। उत्तर प्रदेश अग्निशमन एवं आपात सेवाएं के निर्देश पर जनपद अलीगढ़ में हॉस्टल और पीजी की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गुरुवार को अग्निशमन विभाग ने व्यापक फायर ऑडिट और जागरूकता अभियान चलाया। अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों और आमजन की सुरक्षा को मजबूत बनाना तथा अग्निकांड जैसी आपात स्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए संस्थानों को तैयार करना रहा।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी मुकेश कुमार के निर्देशन में अग्निशमन अधिकारियों ने डॉ. बी.आर. अंबेडकर हॉल (एएमयू), सुलेमान हॉल, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय गंगीरी और कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय जट्टारी सहित चार संस्थानों का फायर ऑडिट किया।

निरीक्षण के दौरान जहां अग्निशमन व्यवस्था मानकों के अनुरूप नहीं मिली या फायर सुरक्षा उपकरण अकार्यशील पाए गए, वहां संबंधित संस्थानों को सुधार के लिए नोटिस जारी किए गए। साथ ही संचालकों और प्रबंधकों को सभी अग्नि सुरक्षा उपकरणों को हमेशा कार्यशील रखने तथा उनका नियमित अनुरक्षण कराने के निर्देश दिए गए।

अभियान के दौरान संस्थानों के स्टाफ और कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में त्वरित कार्रवाई, सुरक्षित निकासी (इवैक्यूएशन) और प्राथमिक अग्निशमन उपायों का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। इसके अलावा बेसमेंट में किसी भी प्रकार की हॉस्टल या पीजी संबंधी गतिविधि संचालित न करने के निर्देश दिए गए।

इस विशेष अभियान में 160 लोगों को अग्नि सुरक्षा के प्रति प्रशिक्षित और जागरूक किया गया। अग्निशमन विभाग ने बताया कि ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि जनपद के सभी शिक्षण संस्थानों और छात्रावासों में सुरक्षा के उच्चतम मानक सुनिश्चित किए जा सकें।

यह पहल अलीगढ़ में सुरक्षित शिक्षण वातावरण तैयार करने और विद्यार्थियों के जीवन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।