अलीगढ़ में 20 अस्पतालों में चला अग्नि सुरक्षा जागरूकता अभियान, स्टाफ को दिया प्रशिक्षण

अलीगढ़ में 20 अस्पतालों में चला अग्नि सुरक्षा जागरूकता अभियान, स्टाफ को दिया प्रशिक्षण

अलीगढ़। महानिदेशक अग्निशमन एवं आपात सेवा उत्तर प्रदेश तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मंगलवार को जनपद अलीगढ़ में स्कीम-3 के तहत व्यापक अग्नि सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी मुकेश कुमार के निर्देशन में प्रभारी अग्निशमन अधिकारियों ने जिले के 20 अस्पतालों एवं नर्सिंग होम का निरीक्षण किया।

अभियान के दौरान करीब 205 अस्पताल कर्मियों को आग से बचाव, अग्निशमन उपकरणों के सुरक्षित संचालन तथा आपातकालीन स्थिति में त्वरित कार्रवाई का प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही अस्पतालों का फायर ऑडिट कर उपलब्ध सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की गई और कमियों को दूर करने के निर्देश दिए गए।

अग्निशमन अधिकारियों ने अस्पताल संचालकों को बताया कि किसी भी आग की घटना में अस्पताल प्रबंधन प्रथम प्रतिक्रिया देने वाली इकाई (फर्स्ट रिस्पांडर) होता है। इसलिए प्रत्येक अस्पताल में फायर फाइटिंग टीम, रेस्क्यू टीम और निकासी (इवेक्यूएशन) टीम का गठन कर फायर ऑर्डर तैयार करने तथा आवश्यक अभिलेख सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों ने यह भी कहा कि अस्पतालों के सभी निकास द्वार हमेशा अवरोध मुक्त रहें, वहां किसी भी प्रकार का सामान न रखा जाए। विद्युत सुरक्षा के लिए समय-समय पर वायरिंग का ऑडिट कराना तथा प्रशिक्षित फायर फाइटिंग स्टाफ की नियुक्ति सुनिश्चित करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक स्तर पर प्रभावी कार्रवाई से आग पर समय रहते काबू पाया जा सकता है, जिससे जन-धन की हानि को न्यूनतम किया जा सके।