अलीगढ़। नहर में गिरी कार, फायर सर्विस ने चालक को सकुशल बचाया

अलीगढ़। जनपद अलीगढ़ के थाना गोंडा क्षेत्र में गुरुवार को खैर-टैंटीगांव रोड स्थित हृदय की नगरिया के पास एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। एक कार अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई, जिसमें चालक फंस गया। सूचना मिलते ही फायर सर्विस की टीम ने मौके पर पहुंचकर साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी मुकेश कुमार के अनुसार, रात 12:46 बजे आरओआईपी सेट के माध्यम से सूचना मिली कि नगला बिरकु के पास खैर-टैंटीगांव रोड पर एक अर्टिगा कार (यूपी 85 ईजी 5231) नहर में गिर गई है। कार के चालक शैलेन्द्र, निवासी अरनिया गढ़ी, थाना गोराई, खैर से मथुरा जा रहे थे।

सूचना मिलते ही अग्निशमन केंद्र खैर से एफएसएसओ के नेतृत्व में टीम रवाना की गई। साथ ही अग्निशमन केंद्र बन्नादेवी से दो फायर यूनिट एवं एडवांस्ड रेस्क्यू व्हीकल मुख्य अग्निशमन अधिकारी के नेतृत्व में घटनास्थल के लिए भेजे गए।

मौके पर पहुंचने पर चालक कार की छत का सहारा लेकर नहर के बीच फंसा हुआ मिला। फायर कर्मियों ने रस्सियों और विशेष रेस्क्यू उपकरणों की मदद से सावधानीपूर्वक अभियान चलाकर चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

रेस्क्यू अभियान के दौरान मुख्य अग्निशमन अधिकारी स्वयं मौके पर मौजूद रहे। स्थानीय पुलिस ने भी आवश्यक सहयोग किया। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और चालक पूरी तरह सुरक्षित है।

सफल रेस्क्यू अभियान के बाद स्थानीय लोगों ने फायर सर्विस की त्वरित कार्रवाई और बहादुरी की सराहना की। प्रशासन के अनुसार क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह सामान्य है।