रेल के जरिए हावड़ा पहुंचा 8.73 टन आम, फिरोजपुर मंडल ने व्यापारियों को दिलाया बड़ा बाजार

फिरोजपुर। उत्तर रेलवे के फिरोजपुर मंडल ने पेरिशेबल फलों की रेल परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देते हुए एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार के मार्गदर्शन में 18 से 22 जुलाई 2026 के बीच ट्रेन संख्या 13006 हावड़ा मेल के माध्यम से लुधियाना से हावड़ा तक 293 बॉक्स (8.73 टन) आम सफलतापूर्वक भेजे गए।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, रेल मार्ग से आम की तेज, सुरक्षित और किफायती ढुलाई होने से फलों की गुणवत्ता बनी रहती है। इससे किसानों और व्यापारियों को बेहतर मूल्य मिलने के साथ-साथ देश के बड़े बाजारों तक उनकी आसान पहुंच सुनिश्चित होती है।

फिरोजपुर मंडल की इस पहल का सबसे बड़ा लाभ छोटे व्यापारियों को भी मिल रहा है। अब छोटे व्यापारी बड़े व्यापारियों के साथ मिलकर अपने पेरिशेबल फलों की खेप रेल के माध्यम से देश के विभिन्न बाजारों तक भेज रहे हैं। इससे उन्हें नए बाजार मिल रहे हैं और परिवहन लागत में भी उल्लेखनीय कमी आ रही है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (फ्रेट) परमदीप सिंह सैनी ने बताया कि फिरोजपुर मंडल ग्राहकों को बेहतर, विश्वसनीय और समयबद्ध माल परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट के सतत प्रयासों और व्यापारियों के साथ बेहतर समन्वय के कारण मंडल में माल परिवहन गतिविधियों में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। रेलवे की यह पहल किसानों, व्यापारियों और उपभोक्ताओं सभी के लिए लाभदायक साबित हो रही है।